Budget Expectations 2021: महिलाओं को बजट से हैं काफी उम्मीदें, इन मोर्चों पर राहत चाहती है आधी आबादी

Budget 2021 महिलाएं आगामी बजट में भी आधी आबादी के लिए कुछ विशेष ऐलान की उम्मीद कर रही हैं। महिलाएं उद्योग शुरू करने के लिए प्रोत्साहन पैकेज के साथ टैक्स के मोर्चे पर भी अतिरिक्त छूट चाहती हैं।

By Ankit KumarEdited By: Publish:Tue, 19 Jan 2021 02:15 PM (IST) Updated:Fri, 22 Jan 2021 08:05 AM (IST)
Budget Expectations 2021: महिलाओं को बजट से हैं काफी उम्मीदें, इन मोर्चों पर राहत चाहती है आधी आबादी
महिलाएं केंद्रीय बजट में महंगाई से राहत की उम्मीद कर रही हैं।

नई दिल्ली, बिजनेस डेस्क। शिक्षा के प्रसार के साथ महिलाओं ने हर क्षेत्र में कामयाबी का परचम लहराया है। एक तरफ महिलाएं जहां फाइटर प्लेन उड़ा रही हैं तो दूसरी तरफ स्टार्टअप कंपनियों के जरिए बिजनेस में भी नाम कमा रही हैं। महिलाएं आगामी बजट में भी आधी आबादी के लिए कुछ विशेष ऐलान की उम्मीद कर रही हैं। महिलाएं उद्योग शुरू करने के लिए प्रोत्साहन पैकेज के साथ टैक्स के मोर्चे पर भी अतिरिक्त छूट चाहती हैं। फाइनेंशियल प्लानर शिल्पी जौहरी ने कहा है कि घरेलू महिलाओं यानी गृहणियों के लिए बजट में विशेष प्रावधान किया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार को यह सुनिश्चित करना चाहिए कि महिलाओं को पुरूषों की सैलरी में से एक हिस्सा मिले। इससे उनके अंदर आत्मविश्वास का भाव पैदा होगा। साथ ही कंपनियों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए एक डायरेक्टिव आना चाहिए।  

जौहरी ने इसके अलावा यह भी सुझाव दिया कि हर राज्य में महिलाओं के नाम पर प्रोपर्टी की खरीद पर स्टांप ड्यूटी में विशेष छूट का प्रावधान किया जाना चाहिए। इससे महिलाओं में परिसंपत्तियों में मालिकाना हक की भावना पैदा होगी। साथ ही मिडिल क्लास परिवार को कुछ पैसों की बचत होगी, जिसे वे अन्य चीजों पर खर्च कर पाएंगे। इससे यकीनन इकोनॉमी को बूस्ट मिलेगा।  

लेबरनेट सर्विसेज की चेयरपर्सन और को-फाउंडर गायत्री वासुदेवन ने कहा कि महिलाएं ज्यादातार ऐसे सेक्टर में काम करती हैं, जहां बहुत ज्यादा पैसे नहीं होती हैं। साथ ही असंगठित क्षेत्रों में भी महिलाओं की हिस्सेदारी बहुत अधिक होती है। ऐसे में इन सेक्टर्स पर बहुत अधिक ध्यान दिए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि सरकार को ऐसे कदम उठाने चाहिए कि टेक्नोलॉजी से जुड़े नए जमाने में महिलाएं पीछे ना रह जाएं। सरकार को इस तरह के प्रोत्साहन उपाय करने चाहिए ताकि नई इकोनॉमी में महिला उद्यमियों एवं प्रोफेशन्स का इंटीग्रेशन हो पाए।  

घरेलू महिला रितिका ने कहा कि सरकार को इस तरह के कदम उठाने चाहिए जिससे रसोई के खर्चे में कमी आई। उन्होंने कहा कि हाल में महंगाई दर में काफी अधिक वृद्धि देखने को मिली है। कुछ माह पहले सब्जियों की आसमान छूती कीमतों ने हमारे पूरे परिवार के बजट को हिलाकर रख दिया था। अभी पेट्रोल, डीजल के रेट में तेजी से भी परिवार के खर्च का गणित गड़बड़ हो रहा है। सरकार को महंगाई पर काबू करने के लिए कदम उठाने चाहिए। दूसरी ओर, सुकन्या समृद्धि की तरह की योजना बच्चियों के अलावा महिलाओं के लिए भी आनी चाहिए। इससे महिलाओं के नाम पर सेविंग करने का चलन बढ़ेगा। 

chat bot
आपका साथी