देश की सिर्फ सौ मिलों में हो रही पेराई, 64 फीसद कम हुआ चीनी उत्पादन

पहली अक्टूबर 2019 को शुरू हुए चालू पेराई सीजन में चीनी का बकाया स्टॉक 145.81 लाख टन का बचा हुआ था जबकि देश में चीनी की सालाना खपत 255 से 260 लाख टन की ही होती है।

By NiteshEdited By: Publish:Wed, 20 Nov 2019 08:57 PM (IST) Updated:Thu, 21 Nov 2019 08:27 AM (IST)
देश की सिर्फ सौ मिलों में हो रही पेराई, 64 फीसद कम हुआ चीनी उत्पादन
देश की सिर्फ सौ मिलों में हो रही पेराई, 64 फीसद कम हुआ चीनी उत्पादन

जागरण ब्यूरो, नई दिल्ली। चालू गन्ना वर्ष में चीनी मिलों में पेराई की रफ्तार बहुत धीमी चल रही है। पेराई सीजन शुरु हुए डेढ़ महीने हो चुके हैं, लेकिन केवल एक सौ मिलों में ही चीनी का उत्पादन शुरु हो सका है। जबकि पिछले साल अब तक 300 से अधिक मिलों में पेराई चालू हो चुकी थी। इसी के चलते पिछले पेराई सीजन के मुकाबले 64 फीसद कम चीनी का उत्पादन हुआ है।

महाराष्ट्र में पहले सूखा और फिर लौटते मानसून की तेज बारिश से गन्ने की फसल को नुकसान हुआ है। इससे यहां की एक भी मिल में पेराई आरंभ नहीं हो पाई है। इंडियन शुगर मिल्स एसोसिएशन (इस्मा) के जारी आंकड़ों के मुताबिक पहली अक्टूबर 2019 से शुरू हुए चालू पेराई सीजन में 15 नवंबर तक 4.85 लाख टन चीनी का ही उत्पादन हुआ है। जबकि पिछले साल इस समय तक 13.38 लाख टन चीनी का उत्पादन हो चुका था। महाराष्ट्र में चालू पेराई सीजन में अभी तक एक भी चीनी मिल में पेराई आरंभ नहीं हुई है, जबकि पिछले साल इस समय तक राज्य की लगभग डेढ़ सौ मिलों में पेराई शुरु हो गई थी पिछले साल 15 नवंबर 2018 तक राज्य में 6.31 लाख टन चीनी का उत्पादन भी हो गया था। महाराष्ट्र की चीनी मिलों में 22 नवंबर से पेराई आरंभ होने का अनुमान है।

चालू सीजन में उत्तर प्रदेश में अब तक 69 चीनी मिलों में पेराई चल रही है। प्रदेश में 2.93 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। पिछले साल राज्य में इस समय तक 1.76 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था। इस बार चीनी का उत्पादन बढ़ा है। कर्नाटक में चालू पेराई सीजन में अभी तक केवल 18 चीनी मिलों में ही पेराई आरंभ हुई है। यहां की मिलों में 15 नवंबर तक राज्य में 1.43 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ है। पिछले साल इस समय तक राज्य में 53 चीनी मिलों में पेराई आरंभ हो चुकी थी तथा चीनी का उत्पादन 3.60 लाख टन चीनी का उत्पादन हुआ था।

गन्ना उत्पादक अन्य राज्यों में उत्तराखंड व बिहार में दो-दो चीनी मिलों और बिहार में दो व हरियाणा में एक मिल में पेराई शुरु हो गई है। गुजरात में तीन और तमिलनाडु की पांच मिलों ने पेराई चालू कर दी है। इन राज्यों में चालू पेराई सीजन में 15 नवंबर तक 49,000 टन चीनी का उत्पादन हुआ है। चीनी उद्योग के मुताबिक चालू पेराई सीजन में अभी तक करीब 12 लाख टन चीनी के निर्यात सौदे हो चुके हैं। इसमें से दो लाख टन चीनी की शिपमेंट भी हो चुकी है। इस्मा के अनुसार चालू पेराई सीजन 2019-20 में चीनी का उत्पादन घटकर 260 लाख टन ही होने का अनुमान है जबकि पिछले पेराई सीजन में 331.61 लाख चीनी का रिकार्ड उत्पादन हुआ था। पहली अक्टूबर 2019 को शुरू हुए चालू पेराई सीजन में चीनी का बकाया स्टॉक 145.81 लाख टन का बचा हुआ था, जबकि देश में चीनी की सालाना खपत 255 से 260 लाख टन की ही होती है।

chat bot
आपका साथी