फरवरी महीने में देश के निर्यात में आई मामूली गिरावट, आयात में हुई बढ़ोत्तरी, जानिए क्या हैं आंकड़े

फरवरी महीने में देश के निर्यात में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। फरवरी 2021 में देश के निर्यात में 0.25 फीसद की गिरावट आई है जिससे यह 27.67 बिलियन डॉलर रह गया। वहीं इस दौरान देश के आयात में बढ़ोत्तरी हुई है।

By Pawan JayaswalEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 05:24 PM (IST) Updated:Tue, 02 Mar 2021 07:46 PM (IST)
फरवरी महीने में देश के निर्यात में आई मामूली गिरावट, आयात में हुई बढ़ोत्तरी, जानिए क्या हैं आंकड़े
आयात-निर्यात के लिए प्रतिकात्मक तस्वीर PC : Pixabay

नई दिल्ली, पीटीआइ। फरवरी महीने में देश के निर्यात में मामूली गिरावट दर्ज की गई है। फरवरी, 2021 में देश के निर्यात में 0.25 फीसद की गिरावट आई है, जिससे यह 27.67 बिलियन डॉलर  रह गया। वहीं, इस दौरान देश के आयात में बढ़ोत्तरी हुई है। फरवरी महीने में देश का आयात 6.98 फीसद की  वृद्धि के साथ 40.55 बिलियन डॉलर रहा है। वाणिज्य मंत्रालय द्वारा मंगलवार को जारी शुरुआती आंकड़ों में यह जानकारी दी गई है।

वाणिज्य  मंत्रालय ने बयान में बताया है कि फरवरी महीने में देश का व्यापार घाटा बढ़कर 12.88 अरब डॉलर पर पहुंच गया। यह एक साल पहले की समान अवधि में 10.16 अरब डॉलर रहा था। चालू वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों अप्रैल से फरवरी के दौरान देश का कुल निर्यात 12.32 फीसद की गिरावट के साथ 255.92 अरब डॉलर रहा है। इससे पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में निर्यात 291.87 अरब डॉलर रहा था।

अप्रैल से फरवरी महीने के दौरान आयात भी 23 फीसद घटकर 340.88 अरब डॉलर रह गया। सिर्फ फरवरी महीने में ही तेल आयात 16.63 फीसद  की गिरावट के साथ 8.99 अरब डॉलर रह गया। वहीं वित्त वर्ष के पहले 11 महीनों में तेल आयात में 40.18 फीसद की गिरावट आई है, जिससे यह 72.08 अरब डॉलर रहा।

मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, फरवरी महीने में पेट्रोलियम उत्पादों का निर्यात 27.13 फीसद, चमड़े का 21.62 फीसद, काजू का 18.6 फीसद, रत्न एवं आभूषण का 11.18 फीसद, इंजीनियरिंग सामान का 2.56 फीसद, चाय का 2.49 फीसद और कॉफी का 0.73 फीसद नीचे आया है। वहीं, तेल रहित खल, लौह अयस्क, चावल, मांस, डेयरी और पॉल्ट्री उत्पादों, कालीन, मसालों, दवाओं और रसायन का निर्यात फरवरी महीने में बढ़ा है।

chat bot
आपका साथी