Hurun Rich List: 2020 में हर हफ्ते आठ लोग बने Billionaire, कोरोना काल में भी देश में बढ़े 40 अरबपति

पिछले साल सॉफ्टवेयर कंपनी Zcaler के जय चौधरी की संपत्ति 274 फीसद की बढ़ोत्तरी के साथ 13 बिलियन डॉलर हो गई। बायजू रविंद्रन और उनके परिवार की संपत्ति भी 100 फीसद की बढ़ोत्तरी के साथ 2.8 बिलियन डॉलर की हो गई।

By Pawan JayaswalEdited By: Publish:Tue, 02 Mar 2021 02:42 PM (IST) Updated:Wed, 03 Mar 2021 06:56 AM (IST)
Hurun Rich List: 2020 में हर हफ्ते आठ लोग बने Billionaire, कोरोना काल में भी देश में बढ़े 40 अरबपति
HURUN GLOBAL RICH LIST 2021 P C : Pixabay

नई दिल्ली, पीटीआइ। साल 2020 कोरोना वाायरस महामारी का साल रहा, लेकिन इस प्रतिकूल समय में भी देश में कई सारे नए अरबपति उभर कर आए हैं। मंगलवार को जारी एक रिपोर्ट के अनुसार, साल 2020 में 40 भारतीय अरबपतियों की सूची में शामिल हुए हैं। इस तरह भारत में रह रहे अरबपतियों की संख्या बढ़कर 177 हो गई है। मंगलवार को जारी हुई हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट के अनुसार, मुकेश अंबानी 83 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के सबसे अमीर व्यक्ति बने हुए हैं। रिपोर्ट के अनुसार, रिलायंस इंडस्ट्रीज के प्रमुख अंबानी अपनी संपत्ति में 24 फीसद के इजाफे के साथ विश्व के आठवें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। 

पिछले कुछ वर्षों से गुजरात के गौतम अडानी की संपत्ति में शानदार बढ़ोत्तरी हुई है। साल 2020 में अडानी की संपत्ति करीब दोगुनी होकर 32 बिलियन डॉलर हो गई। इसके साथ ही वे 20 पायदान ऊपर चढ़कर दुनिया के 48 वें सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। इसके साथ ही अडानी भारत के दूसरे सबसे अमीर व्यक्ति बन गए हैं। उनके भाई विनोद अडानी की संपत्ति भी 128 फीसद के उछाल के साथ 9.8 बिलियन डॉलर हो गई।

रिपोर्ट के अनुसार, आईटी कंपनी एचसीएल (HCL) के शिव नादर 27 बिलियन डॉलर की संपत्ति के साथ भारत के तीसरे सबसे अमीर व्यक्ति हैं। टेक इंडस्ट्री के कई दिग्गजों की संपत्ति में पिछले साल तेजी से बढ़ोत्तरी हुई है। 

पिछले साल सॉफ्टवेयर कंपनी Zcaler के जय चौधरी की संपत्ति 274 फीसद की बढ़ोत्तरी के साथ 13 बिलियन डॉलर हो गई। बायजू रविंद्रन और उनके परिवार की संपत्ति भी 100 फीसद की बढ़ोत्तरी के साथ 2.8 बिलियन डॉलर की हो गई। रिपोर्ट के अनुसार, विविधातों से भरे कॉरपोरेट घराने महिंद्रा ग्रुप के प्रमुख आनंद महिंद्रा और उनके परिवार की संपत्ति भी 100 फीसद के उछाल के साथ 2.4 बिलियन डॉलर हो गई।

जिन लोगों की संपत्ति में साल 2020 में गिरावट आई, उनमें से एक पतंजलि आयुर्वेद के आचार्य बालकृष्ण भी हैं। आचार्य बालकृष्ण की संपत्ति में पिछले साल 32 फीसद की गिरावट आई है, जिससे यह 3.6 बिलियन डॉलर रह गई। रिपोर्ट में बताया गया कि 177 भारतीय अरबपतियों में से 60 देश की वित्तीय राजधानी मुंबई से हैं। इसके बाद नई दिल्ली से 40 और बेंगलुरु से 22 अरबपति हैं।

हुरुन ग्लोबल रिच लिस्ट 2021 में शीर्ष पर टेस्ला के मालिक एलन मस्क रहे हैं। उनकी संपत्ति एक साल में 328 फीसद बढ़कर 197 अरब डॉलर हो गई। सिर्फ एक साल में ही मस्क की संपत्ति में 151 अरब डॉलर का इजाफा हुआ है। हुरुन की सूची में शामिल तीन लोग ऐसे हैं, जिन्होंने केवल एक साल में अपनी दौलत में 50 अरब डॉलर का इजाफा किया है। इनमें एलन मस्क के अलावा अमेजन के जेफ बेजोस और Pinduoduo के Colin Huang शामिल हैं।

chat bot
आपका साथी