लगातार हो रही बारिश से घरों व दुकानों में घुसा बाढ़ का पानी

बगहा। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश से पहाड़ी नदियां

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 11:25 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 11:25 PM (IST)
लगातार हो रही बारिश से घरों व दुकानों में घुसा बाढ़ का पानी
लगातार हो रही बारिश से घरों व दुकानों में घुसा बाढ़ का पानी

बगहा। दो दिनों से हो रही लगातार बारिश से जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया। बारिश से पहाड़ी नदियां उफना गई हैं और बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई है। कई घरों व दुकानों में बाढ़ का पानी घुस गया है।

नेपाल और वीटीआर जंगल के साथ तराई इलाकों में हो रही लगातार बारिश से थरुहट क्षेत्र की सभी पहाड़ी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है। जिसकी वजह से गांवों में और घरों में बाढ़ का पानी घुस गया है। हरनाटांड़ महदेवा के बगल से गुजरने वाली भपसा नदी ने इस बार अपना रुख गांवों की तरफ कर लिया है। जिसकी वजह से भयंकर त्रासदी देखा जा रहा है। बता दें कि इस त्रासदी में हरनाटांड़ गांव के एक घर में भपसा बाढ़ का पानी घुस गया। जिससे घर के लोगों को अन्यत्र शरण लेना पड़ा तो घर में रखे धान व व अन्य सामग्री को गांव के सभी लोगों की सहयोग से सुरक्षित स्थान पर रखा गया। बीएसएनएल एक्सचेंज ऑफिस में भी घुसा पानी हरनाटांड़-बैरिया खुर्द मुख्य पथ के बीच से निकले दो दो सिचाई नाले के ऊपर से बहते हुए बाढ़ का पानी हरनाटांड़ की कई घरों व दुकानों में भी घुस गया। यहां की एक खाद की दुकान में भी बाढ़ का पानी घुस गया। जिससे दुकान में रखा खाद पानी में डूब कर गल गया। इधर हरनाटांड़ महदेवा मोड़ पर बाढ़ ने ऐसी कहर बरपाई की सड़क से ऊपर बहते हुए पानी कई झोपड़ियों को अपनी जद में ले डूबा। बाढ़ इतनी विकराल हो चुकी है कि पानी सड़क पर घुटने तक बह रही है। स्थानीय लोगों की मानें तो ऐसी स्थिति आज तक उत्पन्न नहीं हुई थी। आज पहली बार देखा जा रहा है कि भपसा नदी हरनाटांड़ बाजार का रुख कर सड़क पर बह रही है। बताते चलें कि हरनाटांड़ कम्युनिस्ट पार्टी भवन कार्यालय से लेकर बुनियादी विद्यालय, बीएसएनएल एक्सचेंज ऑफिस, शिव मंदिर चौक वाली सड़कों पर घुटने तक बाढ़ का पानी बह रहा है। यहाँ के अधिकतर दुकानों व घरों में पानी घुस गया है। हरनाटांड़ बाजार में अधिकतर दुकानें बारिश की वजह से बंद रहीं। पचफेड़वा व गोनौली गांव पर मंडराया कटाव का संकट : बारिश इतनी ज्यादा हुई है कि कई गांवों के बीच में आने वाली पहाड़ी नदियों में बाढ़ की वजह से आवागमन ठप हो गया है। थरुहट क्षेत्र के कई गांवों से बगल से होकर गुजरने वाली पहाड़ी नदियां मनोर, झिकरी, भपसा, कोशील आदि में जलस्तर बढ़ गया है। दोन क्षेत्र में भी बाढ़ से लोग त्राहिमाम हैं। लगातार बारिश से पानी का दबाव बढ़ रहा है। जिससे बाढ़ की संभावना बढ़ गई है। गोनौली और पचफेड़वा की स्थिति अभी भी काफी दयनीय बानी हुई है। अगर मनोर व भपसा के साथ अन्य पहाड़ी नदियों पर बने बांध टूट गए तो गांव के गांव दह जाएंगे। पचफेड़वा गांव की स्थिति इतनी खराब हो गई है कि बाढ़ लगातार बढ़ रहा है और गांव के अस्तित्व पर खतरा मंडराने लगा है। इधर मनोर में बाढ़ की वजह से भथोहिया टोला गोनौली में बाढ़ आ गई है। यहां की सड़कों से लेकर घरों तक में पानी घुस गया है। जिससे स्थिति विकराल बनी हुई है। इधर बाढ़ की खबर लगते ही बगहा एसडीएम शेखर आनंद, बगहा दो बीडीओ प्रणव कुमार गिरि व सीओ राकेश कुमार के साथ स्थिति का जायजा लेने पहुंचे।

chat bot
आपका साथी