15 जुलाई तक जारी रहेगी बारिश, सड़क से खेत तक जलमग्न

तीन दिनों से हो रही बरसात के कारण हर तरफ जल-जमाव की स्थिति है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 12:23 AM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 12:23 AM (IST)
15 जुलाई तक जारी रहेगी बारिश, सड़क से खेत तक जलमग्न
15 जुलाई तक जारी रहेगी बारिश, सड़क से खेत तक जलमग्न

बगहा। तीन दिनों से हो रही बरसात के कारण हर तरफ जल-जमाव की स्थिति है। जन जीवन अस्त व्यस्त हो गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार शुक्रवार को 56 एमएम, शनिवार को 48 एमएम व रविवार को सुबह साढ़े आठ बजे तक दो एमएम बारिश रिकार्ड की गई है। जिससे नगर में निकलना मुश्किल हो गया है। नगर के वार्ड संख्या 10 के केंवटहिया की सड़क पर नाली का पानी बह रहा है। जिससे आने जाने वालों को परेशानी उठानी पड़ रही। बरसात से किसानों को फायदा हुआ है। लेकिन, अब इससे अधिक होने पर धान की फसल डूबने के साथ अन्य फसलों यथा गन्ना आदि को भी नुकसान होने की संभावना बन सकती है। सबसे अधिक नुकसान सब्जी की खेती को हुआ है। पानी जमा होने से नेनुआ, तरोई, भिडी, आदि की फसलें नष्ट हो गईं हैं। बैंगन में भी कीड़े लग रहे हैं। परवल और करैला भी एक दिन बाद पीला हो रहा है। सब्जी उत्पादक श्यामजी कुशवाहा ने बताया कि जब तक बरसात रहेगा सब्जी की फसल में नया फल फूल नहीं लगता है। वहीं रामप्रसाद, मो. नौसाद व आलीम मियां आदि ने कहा कि जब सब्जी निकल रही थी तो उचित रेट नहीं मिला और अब रेट आया है तो बारिश में फसल डूब गई। कृषि विशेषज्ञ अशोक कुमार पांडेय ने बताया कि बारिश के दिनों में खेतों व उसके आसपास पानी जमा हो जाता है। जिससे विभिन्न प्रकार के नए नए कीड़े पैदा होने लगते हैं। उनके द्वारा ना सिर्फ सब्जी के फूलों को बल्कि उसके नए व पूराने पत्तों को भी खाने लगते हैं। इससे उस पौधे का विकास बंद हो जाता है। धीरे धीरे पौधे व लत्तियां सुखने लगती हैं।

ग्रामीण कृषि मौसम सेवा व भारत मौसम विभाग के अनुसार अधिकांश स्थानों पर अच्छी वर्षा होने की संभावना है। लेकिन, अगले 24 घंटे में भारी वर्षा होने की संभावना है। जबकि 15 जुलाई तक मध्यम से भारी वर्षा हो सकती है। इस अवधि में अधिकतम तापमान 30 से 34 व न्यूनतम 25 से 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

chat bot
आपका साथी