कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स चुनाव

बगहा। भितहां में पैक्स चुनाव को लेकर सोमवार को भितहां प्रखंड की आठ पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। 70 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 09 Dec 2019 11:04 PM (IST) Updated:Mon, 09 Dec 2019 11:04 PM (IST)
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स चुनाव
कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पैक्स चुनाव

बगहा। भितहां में पैक्स चुनाव को लेकर सोमवार को भितहां प्रखंड की आठ पंचायतों में शांतिपूर्ण ढंग से मतदान हुआ। 70 फीसद मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ मतदान केंद्रों पर उमड़ने लगी थी। इससे पूर्व शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव को लेकर सभी मतदान केंद्रों पर सुरक्षा की मुकम्मल व्यवस्था की गई थी। एसडीपीओ संजीव कुमार के नेतृत्व में पुलिस दल भ्रमणशील रहा। आठ पैक्सों के चुनाव के लिए कुल 17 बूथ निर्धारित थे। संवेदनशील बूथों पर वीडियोग्राफी की व्यवस्था की गई थी। बीडीओ सह निर्वाची पदाधिकारी दिनेश कुमार सिंह ने बताया कि चिलवनिया पैक्स अध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हो चुके हैं। शेष डीहीपकड़ी, भुईधरवा ,मछहा, परसौना, खैरवा, सेमरबारी, मानपुर व हथुअहवा पैक्सों के चुनाव के लिए वोटिग हुई। बताया कि दोपहर दो बजे तक अधिकांश बूथों पर मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग कर लिया था। परसौना पंचायत के प्राथमिक विद्यालय मुराडीह में स्थित बूथ पर दोपहर एक बजे मतदानकर्मी बैठकर मतदाताओं का इंतजार करते दिखे।

कंट्रोलरूम से पल पल ली जाती रही खबर :-

शांतिपूर्ण ढंग से चुनाव संपन्न कराने को लेकर प्रखंड मुख्यालय में कंट्रोलरूम स्थापित किया गया था। यहां प्रतिनियुक्त कर्मी पल पल वस्तुस्थिति की जानकारी लेते रहे। उधर, थानाध्यक्ष मनोरंजन कुमार चौधरी ने बताया कि सभी पैक्सों के बूथों पर शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराया गया। पुलिस सुबह से ही सीमांचल के रास्तों में गश्त लगाती रही।

वज्रगृह में जमा हुईं मतपेटियां :

चुनावी प्रक्रिया संपन्न हो जाने के बाद सोमवार की संध्या पहर मतदान कर्मियों ने वज्रगृह में मतपेटियां जमा करा दीं। इसके साथ ही मतगणना की तैयारी शुरू हो गई। बीडीओ सह आरओ श्री सिंह ने बताया कि मंगलवार की सुबह निर्धारित समय से मतगणना शुरू होगी और इसी दिन चुनाव नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

आठ पैक्स में कुल मतदाताओं की संख्या- 8997

मतदान करने वाले पुरुष मतदाता :-4086

मतदान करने वाली महिला मतदाता :-2032

chat bot
आपका साथी