पंडई नदी का बढ़ा जलस्तर, मुरली भरहवा गांव में घुसा पानी

बेतिया। पंडई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से रविवार को बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। पंडई न

By JagranEdited By: Publish:Mon, 14 Sep 2020 12:43 AM (IST) Updated:Mon, 14 Sep 2020 12:43 AM (IST)
पंडई नदी का बढ़ा जलस्तर, मुरली भरहवा गांव में घुसा पानी
पंडई नदी का बढ़ा जलस्तर, मुरली भरहवा गांव में घुसा पानी

बेतिया। पंडई नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने से रविवार को बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गई। पंडई नदी किनारे बसा बेलवा पंचायत के वार्ड नंबर आठ मुरली भरहवा गांव के नदिया टोला के दर्जनाधिक घरों में पानी घुस गया। गांव में पानी घुसने के कारण जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया। ग्रामीण किशुन यादव, ध्रुप यादव, बृजमोहन यादव, झगरू पटेल, मंगरु पटेल, प्रदीप शुक्ला, कमलेश ठाकुर, देव यादव, मेघनाथ राम, दिवाकर कुमार, रमेश यादव, अर्जुन यादव, अजय यादव ने बताया कि रविवार को सुबह पंडई नदी का पानी अचानक घरों में घुस गया। पानी इतनी तेज गति में थी कि कुछ बचाने का मौका भी नहीं मिला। ग्रामीणों ने बताया कि पहाड़ी क्षेत्र में हुई बारिश की वजह एकाएक पंडई नदी में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हुई है। घरों में रखे हुए खाद्यान्न सामग्री बर्बाद हो गए हैं। आपदा विभाग की ओर से बाढ़ रोधी कार्य किए गए थे। वो भी केवल सीमेंट की बोरियों में बालू भर के रखा गया था, जिसे पिछले बाढ़ में नदी अपने धारा में समाहित कर ले गई। इसपर शीघ्र पहल करने की जरुरत है। क्योंकि चंपारण सत्याग्रह के सूत्रधार महात्मा गांधी के अनन्य सहयोगी राजकुमार शुक्ला का यह गांव है। लेकिन ग्रामीणों का कहना है कि इसकी हमेशा अनदेखी की जाती है। सरकार की घोषणा के बाद भी इस पर पहल नहीं की गई । धीरे-धीरे नदी राजकुमार शुक्ला और संत राउत की लगी प्रतिमा को अपने आगोश में लेने के कगार पर है। सीओ अमित कुमार ने बताया कि बाढ़ आने की सूचना नहीं मिली है। अगर सूचना मिलती है तो कर्मचारियों को स्थल पर भेजा जाएगा।

chat bot
आपका साथी