कुल्हाड़ी से काटकर महिला की हत्या करने का आरोपित गिरफ्तार

बगहा। चौतरवा थाना क्षेत्र के पतिलार निवासी कथित साधू मोतीलाल यादव को एसडीपीओ कैलाश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने रतवल स्थित छठिया घाट के समीप से शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 27 Nov 2021 10:32 PM (IST) Updated:Sat, 27 Nov 2021 10:32 PM (IST)
कुल्हाड़ी से काटकर महिला की  हत्या करने का आरोपित गिरफ्तार
कुल्हाड़ी से काटकर महिला की हत्या करने का आरोपित गिरफ्तार

बगहा। चौतरवा थाना क्षेत्र के पतिलार निवासी कथित साधू मोतीलाल यादव को एसडीपीओ कैलाश प्रसाद के नेतृत्व में गठित टीम ने रतवल स्थित छठिया घाट के समीप से शुक्रवार की रात गिरफ्तार कर लिया। एसडीपीओ ने बताया कि वह पुलिस से बचने के लिए अपना नाम व पहचान छिपाकर रह रहा था। स्थानीय ग्रामीण व मृत महिला के स्वजनों ने उसकी पहचान की है। उसके पास से हत्या में प्रयोग की गई कुल्हाड़ी व कपड़ा आदि भी जब्त कर लिया गया है। आरोपी ने स्वीकार किया है कि जिस महिला की हत्या की, उससे उसका संबंध था। घटना के दिन जब उसने संबंध बनाने की कोशिश की तो महिला ने उसका विरोध किया। इसके बाद उसे गुस्सा आ गया और उसने अपनी कुल्हाड़ी से उसकी हत्या कर दी। घटना के बाद से आरोपित फरार चल रहा था। पुलिस उसकी खोजबीन कर रही थी। इस बीच एक दिन रात में गांव पहुंचा और ग्रामीणों को धमकी दी कि उसके विरुद्ध यदि किसी ने गवाही दी तो उसका अंजाम भी वहीं होगा जो तारा देवी का हुआ। इसके बाद गांव के सभी लोग दहशत में आ गए और इसकी सूचना पुलिस को दी। गेरुवा वस्त्र की जगह जींस कुर्ता पहन कर छिपता रहा

एसडीपीओ ने बताया कि आरोपित ने पहचान छिपाने के लिए सबसे पहले अपनी दाढ़ी मूंछ कटवाई और गेरुआ वस्त्र के बदले जींस-कुर्ता पहनकर इधर-उधर छिपता रहा। शुक्रवार की रात पुलिस को देखते ही वह भागने लगा। उसे खदेड़कर पुलिस ने पकड़ लिया। नाम पूछने पर उसने अपना नाम नारायण दास बताया। जांच के दौरान उसके पास से बरामद बैग के गेरूआ कपड़े व कुल्हाड़ी मिला। इसके बाद पुलिस टीम को शंका हुई। सख्ती से पूछताछ की गई तो वह अपना बयान बदलने लगा। इस बीच स्थानीय चौकीदार व ग्रामीणों से पहचान कराई गई तो उसकी पहचान मोतीलाल यादव के रूप में हो गई। यहां बता दें कि चौतरवा थाने की एक महिला अपनी बच्चियों के साथ चारा के लिए सरेह में गई थी। तभी मोतीलाल यादव ने दुष्कर्म में विफल होने के बाद दोनों बेटियों के सामने ही कुल्हाड़ी से काटकर महिला की निर्मम हत्या कर दी। एसडीपीओ ने बताया कि टीम में पुलिस निरीक्षक अनिल कुमार सिन्हा, थानाध्यक्ष शंभु शरण गुप्ता , दारोगा दुलारचंद राम, जमादार मंजय कुमार, वाल्मीकि प्रसाद, सिपाही ओमप्रकाश कुमार, संजय दास व चालक बुधन पासवान शामिल थे।

chat bot
आपका साथी