लालगंज में बांध टूटने से काफी तेजी से गांवों में फैल रहा है पानी

वैशाली। लालगंज प्रखंड के सररिया युसुफपुर जलालपुर खरौना और पूर्वी क्षेत्रों के पंचायत से ल

By JagranEdited By: Publish:Tue, 31 Aug 2021 11:38 PM (IST) Updated:Tue, 31 Aug 2021 11:38 PM (IST)
लालगंज में बांध टूटने से काफी तेजी से गांवों में फैल रहा है पानी
लालगंज में बांध टूटने से काफी तेजी से गांवों में फैल रहा है पानी

वैशाली। लालगंज प्रखंड के सररिया, युसुफपुर, जलालपुर, खरौना और पूर्वी क्षेत्रों के पंचायत से लेकर लालगंज नगर क्षेत्र के सभी सड़कों के ऊपर से पानी बह रहा है। सोमवार के दिन सररिया में और मंगलवार के दिन जफराबाद में नहर का बांध टूट जाने से काफी तीव्र गति से बाढ़ का पानी पूरब दिशा की ओर बढ़ रहा है। जिससे सबसे ज्यादा प्रभाव लालगंज बाजार पर पड़ेगा। पूर्व से ही वैशाली रोड और बाईपास में पानी सड़क के ऊपर से बह रहा है और जलालपुर रोड में कमर भर पानी चल रहा है।

ऐसी संभावना व्यक्त की जा रही है कि बाजार में पानी का बहाव और तेज हो जाएगा। जाफराबाद में ग्रामीणों ने नहर के बांध टूटने की खबर लालगंज के बीडीओ एवं डीएम तक सूचना भेजी लेकिन तत्कालीन राहत के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। बाढ़ के पानी का बहाव इतना तेज है कि सुबह में एक फीट से शुरू होकर काटते-काटते पानी ने तीस फीट से ऊपर तक चौड़ा रास्ता बना लिया और रास्ते में जो भी पेंड़-पौधा आया सभी को बहाते ले गया। इससे लगभग लाखों की आबादी बुरी तरह प्रभावित होंगी और कई गांव डूब जाएंगे। लोगों ने इस तबाही का जिम्मेवार प्रखंड और जिला प्रशासन को ठहराया है। साथ ही बताया कि बांध और नहर मरम्मति के लिए हर साल सरकार की करोड़ों की योजनाएं आती हैं लेकिन काम के बजाए केवल लूट खसोट मची रहती है। जब आपदा आती है तो कोई राहत जनता तक नहीं पहुंचती।

वाया नदी के जलस्तर में वृद्धि से सहदेई में बाढ़ की स्थिति हुई और गंभीर

फोटो- 04 एवं 05 संवाद सूत्र, सहदेई बुजुर्ग :

वाया नदी के जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि और प्रखंड क्षेत्र से गुजरने वाले सभी नहर के ओवरफ्लो होने के कारण सहदेई बुजुर्ग प्रखंड में बाढ़ की स्थिति बहुत गंभीर हो गई है। प्रखंड के सलहा पंचायत के वार्ड संख्या 10 महमदपुर में वाया नदी का पानी ठठेरिया बांध से ओवरफ्लो होकर गांव में फैलने से स्थिति और भी विकट हो गई है। अभी तक बाढ़ प्रभावित लोगों के बीच किसी भी प्रकार की कोई भी प्रशासनिक सहायता नहीं पहुंचने से लोगों में व्यवस्था के प्रति आक्रोश व्याप्त है। स्थानीय लोगों ने प्रखंड, अनुमंडल एवं जिला प्रशासन से अविलंब बाढ़ प्रभावित लोगों को सरकार के स्तर पर मिलने वाला राहत एवं सहायता मुहैया कराने की मांग की है।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार प्रखंड के सलहा पंचायत के वार्ड संख्या 10 में वाया नदी के किनारे बने ठठेरिया बांध से नदी का पानी ओवरफ्लो होकर गांव में प्रवेश करने से स्थिति और विकट हो गई है। बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व भी यहां बांध टूटा था। जिसके बाद उसकी मरम्मत कराई गई थी। लेकिन उसी स्थान पर पानी ओवरफ्लो होने लगा जिससे बाढ़ की स्थिति और विकट हो गई है। इलाके के लोग दहशत में जीने को मजबूर हैं। वहीं लोगों की परेशानी का बड़ा कारण यह है कि प्रशासनिक स्तर पर अब तक किसी प्रकार की सहायता उपलब्ध नहीं कराई गई है।

chat bot
आपका साथी