पातेपुर में घास काट रही महिला को ट्रक ने रौंदा, मौत

संवाद सूत्र पातेपुर (वैशाली) पातेपुर थाना क्षेत्र के रमौली-डढुआ मार्ग पर रामपुर टेकनारी

By JagranEdited By: Publish:Wed, 08 Sep 2021 11:56 PM (IST) Updated:Wed, 08 Sep 2021 11:56 PM (IST)
पातेपुर में घास काट रही महिला को ट्रक ने रौंदा, मौत
पातेपुर में घास काट रही महिला को ट्रक ने रौंदा, मौत

संवाद सूत्र पातेपुर (वैशाली):

पातेपुर थाना क्षेत्र के रमौली-डढुआ मार्ग पर रामपुर टेकनारी पोखर के समीप सड़क किनारे घास काट रही एक अधेड़ महिला को रमौली की ओर से आ रहे एक अनियंत्रित ट्रक ने रौंद दिया। इससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। मृतका की पहचान डढुआ गांव निवासी सीताराम महतो की 56 वर्षीय पत्नी तुलसी देवी के रूप में हुई है। घटना से आक्रोशित लोगों ने उक्त मार्ग को जाम कर दिया। सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की सूचना पर पातेपुर थाने की पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। लोगों को समझाकर सड़क जाम समाप्त कराया।

मिली जानकारी के अनुसार बुधवार की दोपहर बाद थाना क्षेत्र के डढुआ गांव निवासी सीताराम महतो की पत्नी तुलसी देवी रमौली-डढुआ मार्ग स्थित रामपुर पोखर के पास सड़क किनारे घास काट रही थी। इसी दौरान रमौली की तरफ से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी हो गई। वहां मौजूद लोगों ने शोर मचाते हुए भाग रहे उक्त ट्रक का पीछा करने लगे। घटनास्थल से लगभग दो किलोमीटर दूर सुक्की गांव स्थित पटनी कुएं के पास लोगों ने ट्रक को चालक समेत पकड़ लिया। स्थानीय लोगो के अनुसार ट्रक चालक शराब के नशे में था।

घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंचे मृतका के स्वजनों में कोहराम मच गया। आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त मार्ग को जाम कर दिया। घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों ने सड़क दुर्घटना में महिला की मौत की जानकारी पातेपुर थाने की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रामशंकर कुमार मौके पर पहुंचे। जहां पुलिस को लोगों के आक्रोश का सामना करना पड़ा। सभी मौके पर ही मुआवजे की मांग कर रहे थे। घटना की जानकारी बीडीओ मनोज कुमार राय व सीओ मुन्ना प्रसाद को दी गई। सीओ ने मौके पर पहुंच कर लोगों को काफी समझाने का प्रयास किया। देर शाम सड़क जाम समाप्त हुआ। लोगों ने बताया कि ट्रक चालक ने महिला को कुचलने के बाद एक मवेशी को भी ठोकर मारकर जख्मी कर दिया है।

chat bot
आपका साथी