अंतिम पायदान के लोगों के विकास के बगैर देश का उत्थान नहीं : चौबे

जागरण संवाददाता हाजीपुर भारतीय खाद्य निगम के मंडल कार्यालय के तत्वावधान में बुधवार को आ

By JagranEdited By: Publish:Wed, 17 Nov 2021 11:08 PM (IST) Updated:Wed, 17 Nov 2021 11:08 PM (IST)
अंतिम पायदान के लोगों के विकास के बगैर देश का उत्थान नहीं : चौबे
अंतिम पायदान के लोगों के विकास के बगैर देश का उत्थान नहीं : चौबे

जागरण संवाददाता, हाजीपुर :

भारतीय खाद्य निगम के मंडल कार्यालय के तत्वावधान में बुधवार को आजादी का अमृत महोत्सव तथा खाद्य सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत संगोष्ठी का आयोजन किया गया। संगोष्ठी का उद्घाटन उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय के केंद्रीय राज्य मंत्री अश्वनी कुमार चौबे ने दीप जलाकर किया। मौके पर लालगंज के विधायक संजय कुमार सिंह, वैशाली के भाजपा जिलाध्यक्ष डा. प्रेम सिंह कुशवाहा, सारण भाजपा जिलाध्यक्ष रामदयाल शर्मा, भारतीय खाद्य निगम बिहार के महाप्रबंधक संजीव कुमार भदानी, उप महाप्रबंधक आनंद कुमार एवं मंडल प्रबंधक राजीव कुमार उपस्थित थे।

संगोष्ठी को संबोधित करते हुए मंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच है कि समाज में बैठे अंतिम पायदान के लोगों का विकास नहीं होगा तब तक देश का उत्थान नहीं होगा। उनके इस सपना को पूरा करने के लिए पूरे देश में कार्यक्रम चलाकर सरकार की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाया जा रहा है। देश में कोई भूखा नहीं रहेगा। सभी को अन्न मिलेगा। भरत सरकार के इस संकल्प को पूरा करने को लेकर तेजी से अभियान चलाया जा रहा है। भारतीय खाद्य आपूर्ति निगम हमारा अन्न बल है।

एफसीआइ के प्रति कुछ लोगों के दुष्प्रचार से गलत धारणा बनी है, इस कार्यक्रम माध्यम से इसे दूर करना चाहता हूं। वहीं उन्होंने कहा कि चूहा के नाम पर गड़बड़ी करने वाले लोगों को जेल जाना होगा। ऐसे ही लोगों ने एफसीआइ का स्वरूप गंदा किया है। कोविड काल में एफसीआइ ने 15 महीने में 80 करोड़ लोगों के बीच अनाज पहुंचाकर बड़ा काम किया है। जिसकी पूरे विश्व में सराहना हो रही है। कोविड काल में भारतीय खाद्य निगम ने बिहार क्षेत्र में लगभग 8.71 करोड़ जनता के बीच 58.81 लाख मीट्रिक टन अनाज, 18.55 लाख मीट्रिक टन गेहूं एवं 40.26 लाख मीट्रिक टन चावल का वितरण किया है। इसमें वैशाली राजस्व जिले में 2.30 लाख मीट्रिक टन चावल एवं गेहूं का वितरण किया गया है।

कहा कि खाद्य सुरक्षा को और सशक्त बनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मंत्रालय सभी राज्यों के सहयोग से एक देश एक राशन कार्ड योजना पर भी तेजी से काम कर रहा है जिससे कोई भी लाभुक किसी भी परिस्थिति में अपने हक से वंचित न हो। प्रधानमंत्री के एक भारत, श्रेष्ठ भारत की कल्पना को साकार करने के लिए और सारे राज्यों को इस मुहिम में जोड़ते हुए हम एक देश, एक एमएसपी, एक डीबीटी और एक राशन कार्ड की तरफ तेजी से अग्रसर हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि 2022 तक किसानों की आय दोगुनी हो जाएगी इस दिशा में सरकार तेजी से काम कर रही है। सरकार 2023 तक सभी को पोषण युक्त चावल देगी। हर घर की थाली को सजाने का काम पीएम कर रहे है। कार्यक्रम के अंत में जिला के अलग-अलग स्थानों से पहुंचे लोगों को पांच-पांच किलो अनाज प्रदान किया गया। धन्यवाद ज्ञापन मंडल प्रबंधक राजीव कुमार ने किया।

chat bot
आपका साथी