बर्फीली हवा ने बढ़ाई गरीबों की मुसीबत, सरकारी कंबल व अलाव की व्यवस्था नदारद

भीषण ठंड एवं बर्फीली हवा से कई दिनों से जारी आम गरीबों की परेशानी के बीच उन्हें राहत पहुंचाने में प्रशासनिक स्तर पर कोई पहल नहीं दिख रहा है। अनेक इलाके में जरूरतमंदों को कंपकंपाती ठंड में कहीं से कोई आसरा नजर नहीं आ रहे।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 11:08 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 11:08 PM (IST)
बर्फीली हवा ने बढ़ाई गरीबों की मुसीबत, सरकारी कंबल व अलाव की व्यवस्था नदारद
बर्फीली हवा ने बढ़ाई गरीबों की मुसीबत, सरकारी कंबल व अलाव की व्यवस्था नदारद

जागरण संवाददाता, हाजीपुर :

भीषण ठंड एवं बर्फीली हवा से कई दिनों से जारी आम गरीबों की परेशानी के बीच उन्हें राहत पहुंचाने में प्रशासनिक स्तर पर कोई पहल नहीं दिख रहा है। अनेक इलाके में जरूरतमंदों को कंपकंपाती ठंड में कहीं से कोई आसरा नजर नहीं आ रहे। नगर निकाय क्षेत्रों में अलाव की व्यवस्था नहीं होने से रोजमर्रा के काम में लगे मजदूरों को भारी परेशानी हो रहे हैं। वहीं इस बार अभी तक सरकारी स्तर से बंटने वाले कंबल और गर्म कपड़े का भी कोई सुराग नहीं मिल रहा है। वहीं आपदा प्रबंधन विभाग का सभी शहरी एवं ग्रामीण इलाके में अलाव और कंबल का इंतजाम करने का निर्देश मिला हुआ है। इसके लिए जिलों को विशेष आवंटन भी प्राप्त है, लेकिन हाल यह है कि इसकी प्रक्रिया पूरा करते-करते गर्मी आ जाएगी और फिर इधर कोई देखेगा भी नहीं। बाबूओं की कृपा से सब कुछ सेटल हो जाएगा। हालांकि जिला प्रशासन का दावा है कि कुछ माह पूर्व ही सभी स्तरों पर ठंड से बचाव के उपाय करने का निर्देश दिया जा चुका है। लेकिन हाजीपुर, महनार, महुआ और लालगंज नगर निकायों में भी कहीं अलाव की व्यवस्था नहीं देखा गया। जरूरतमंद किसी तरह शीतलहर से बचाव करने को मजबूर हैं। महनार नगर में 343 जरूरतमंदों को मिला सरकारी कंबल संवाद सहयोगी, महनार : भीषण ठंड को देखते हुए सरकारी स्तर पर महनार नगर एवं प्रखंड क्षेत्र में 343 वृद्धजनों और जरूरतमंदों के बीच कंबल का वितरण किया गया है। बीडीओ डॉ. सुदर्शन कुमार ने बताया कि प्रखंड में वितरण के लिए 73 कंबल प्राप्त हुए थे। जिसमें सभी 14 पंचायतों को 5-5 कंबल उपलब्ध करा दिया गया। जबकि 3 कंबल का वितरण प्रखंड कार्यालय के स्तर से किया गया है। वहीं नगर परिषद ईओ जगरनाथ प्रसाद यादव ने बताया कि प्रति वार्ड 10 कंबल के हिसाब से कुल 270 कंबल प्राप्त हुए थे। नगर क्षेत्र के सभी 27 वार्डों में तहसीलदार के माध्यम से 10-10 कंबल का वितरण कराया जा रहा है। हालांकि नगर क्षेत्र में कहीं भी अलाव की व्यवस्था नहीं हुई है। सहदेई बुजुर्ग में अभी तक नहीं बांटा गया कोई कंबल संवाद सूत्र, सहदेई बुजुर्ग : बीडीओ डॉ. इस्माइल अंसारी ने बताया कि प्रखंड में 2 से 3 दिनों के अंदर कंबल का वितरण कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि कंबल क्रय किया जा रहा है। यहां अभी तक सरकारी स्तर पर कंबल का वितरण नहीं हुआ है। वहीं सार्वजनिक स्थानों एवं चौक-चौराहों पर अलाव की कोई व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। कुछ दिनों पूर्व सीओ ने अलाव की व्यवस्था कराई थी। लेकिन जहां अलाव की व्यवस्था की गई वहां अभी तक अलाव नहीं जलाए गए। जरूरतमंद परेशान हाल हो रहे हैं। महुआ में सरकारी कंबल से लाभान्वित हुए 424 जरूरतमंद संवाद सहयोगी, महुआ : कड़ाके की ठंड को देखते हुए नगर पंचायत के वार्डों में 160 कंबल का वितरण जरूरतमंदों के बीच किया गया है। ईओ रविशंकर प्रसाद ने बताया जिले से प्राप्त 160 कंबल को 16 वार्ड में प्रति वार्ड 10 कंबल का वितरण किया गया है। वहीं बीडीओ शिवांगी कुमारी ने बताया कि जिले से प्राप्त 264 कंबल का वितरण प्रत्येक पंचायत में 11-11 के हिसाब से पंचायत सचिव से प्राप्त सुची के आधार पर की गई हैं। सीओ अमर कुमार सिन्हा के अनुसार पांच जगहों पर अलाव जलाए गए हैं।

पातेपुर तक नहीं पहुंची सरकार की ओर से बंटने वाली कंबल संवाद सूत्र, पातेपुर : भीषण ठंड के बावजूद यहां ना तो कहीं अलाव जल रहा है और ना ही लाचार एवं जरूरतमंद लोगों को कंबल की व्यवस्था की गई है। राज्य आपदा विभाग ने शीतलहर को प्राकृतिक आपदा घोषित करते हुए प्रत्येक जिले, प्रखंड और पंचायतों में राहत एवं बचाव कार्य के निर्देश दिया है। इसके तहत सभी चौक-चौराहे, हाट-बाजार, बस स्टैंड, ओटो स्टैंड आदि जगहों पर नियमित रूप से अलाव की व्यवस्था के साथ ही वृद्धजनों, असहाय, भिखारी, घुमक्कड़ खानाबदोश आदि को कंबल मुहैया कराने के निर्देश हैं। आवश्यकता अनुसार अस्थाई रैन बसेरा का इंतजाम करने को भी कहा गया है। इसके लिए प्रत्येक प्रखंडों को विभागीय स्तर पर आवंटन भी दिया जाता है। सरकारी स्तर पर प्रावधान होने के बावजूद पातेपुर में इसका अनुपालन होता नहीं दिख रहा है। सूत्रों का कहना है कि राज्य से जिला तक आपदा विभाग से शीतलहर से बचाव मद का आवंटन आ भी जाए तो जिले से प्रखंड तक राशि अथवा कंबल आते-आते गर्मी आ जाती है। पिछले कई सीजन से गरीब-असहायों के लिए जिले से कंबल का ही आवंटन आता है। कंबल भी इतने कम होते हैं कि वितरण कर पाना मुश्किल होता है। उपाय यह निकाला गया था कि लोकल अफसर शाम में कंबल के साथ भ्रमण पर निकलेंगे, जो भी गरीब-असहाय नजर आ जाएं उन्हें कंबल उपलब्ध करा देंगे। अफसर मगजमारी से बचने के लिए मुखिया और पंचायतों को कंबल उपलब्ध करा देते हैं। उन्होंने किसे दिया इसका पता नहीं चलता। इस बीच बीडीओ डॉ. संदीप कुमार ने बताया कि यहां कंबल अथवा उस मद की राशि अभी तक प्रखंड को नहीं मिली है। वहीं सीओ मुन्ना प्रसाद ने कहा कि कई जगह अलाव जलाए गए हैं। राघोपुर के सरकारी फाइलों में ही जल रहा है अलाव संवाद सूत्र, राघोपुर : कई दिनों से जारी भीषण ठंड के बावजूद कहीं भी सरकारी अलाव की व्यवस्था नहीं है। अभी तक चौक-चौराहे, हाट-बाजार या कोई सार्वजनिक स्थानों पर अलाव की व्यवस्था नहीं की गई है। हालांकि यहां अलाव जलाने का दावा किया जा रहा है। सीओ राणा प्रताप सिंह ने बताया कि राजस्व कर्मचारियों को अलाव जलाने का आदेश दिया गया है। जबकि सरकारी स्तर पर कंबल वितरण की कहीं कोई जानकारी नहीं है। प्रखंड के अनेक पंचायतों में जरूरतमंद लोग सरकारी कंबल की आस लगा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी