वैशाली में साथ जीने-मरने की कसम की पूरी, प्रेमिका की चौखट पर पहुंचा प्रेमी-दोनों ने लगा ली फांसी
वैशाली के सराय थाना क्षेत्र में प्रेमी और प्रेमिका ने आत्महत्या कर ली। प्रेमिका के घर दोनों शव लटके मिले। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की छानबीन शुरू कर दी है।
वैशाली, जेएनएन। बिहार के वैशाली जिले से बुधवार की सुबह दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सराय थाना क्षेत्र के शीतल भकुरहर गांव के एक घर में प्रेमी और प्रेमिक के शव पंखे से लटके मिले। बताया जाता है कि युवक मंगलवार की रात अपनी प्रेमिका से मिलने उसके घर पर आया था इसी दौरान दोनों ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।
एक-दूसरे से लिपट पंखे से झूल गए दोनों
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने सराय थाने की पुलिस को सूचना दी। मृतकों की पहचान पौड़ा गांव निवासी अलख राय का पुत्र सोनू कुमार (18), सराय थाना क्षेत्र के ही शीतल भकुरहर गांव निवासी पतिराम सिंह की पुत्री मनीषा कुमारी (19) के रूप में हुई है। दोनों के शव एक दूसरे से सटकर पंखे से लटके हुए पाए गए हैं। जानकारी मिलते ही घटनास्थल के आसपास बड़ी संख्या में लोग एकत्रित हो गए। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने लॉकडाउन और कोरोना वायरस का हवाला देते हुए लोगों को तितर-बितर किया।
प्रेमी से उम्र में एक साल बड़ी थी प्रेमिका
पुलिस का कहना है कि दोनों ने आत्महत्या क्यों कि ये अभी साफ नहीं हो सका है। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम-प्रसंग का प्रतीत होता है। घटना को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चा है। सराय थाना क्षेत्र की पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले की पड़ता शुरू कर दी गई है। बताया जाता है कि सोनू कुमार मैट्रिक में पढ़ता था, वहीं मनीषा कुमारी इंटर की छात्रा थी। लड़की की उम्र लड़के से एक साथ ज्यादा थी। पुलिस ने स्वजनों को घटना की खबर दे दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार दोनों के बीच काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। लड़के को पहले भी इलाके में घूमते हुए देखा गया था। मंगलवार की रात फांसी लगाने से पहले मृतक कब लड़की के पास आया था ये अभी साफ नहीं हो सका है।