कोरोना को लेकर बंद विद्यालय में गोदाम बना लोग रखने लगे हैं आलू-प्याज

वैशाली। कोरोना संक्रमण को लेकर बंद किए गए विद्यालयों में आलू एवं प्याज रखा जा रहा है। यह

By JagranEdited By: Publish:Thu, 24 Jun 2021 11:17 PM (IST) Updated:Thu, 24 Jun 2021 11:17 PM (IST)
कोरोना को लेकर बंद विद्यालय में गोदाम बना लोग रखने लगे हैं आलू-प्याज
कोरोना को लेकर बंद विद्यालय में गोदाम बना लोग रखने लगे हैं आलू-प्याज

वैशाली। कोरोना संक्रमण को लेकर बंद किए गए विद्यालयों में आलू एवं प्याज रखा जा रहा है। यह अनूठा गोरौल प्रखंड के राजकीय मध्य विद्यालय इस्लामपुर में देखा जा सकता है, जहां विद्यालय को ही लोगों ने गोदाम बना दिया है। यह वही विद्यालय है जहां कभी मीना मंच के कार्यक्रम को देखने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा सहित कई लोग पहुंचे थे। इसी के प्रांगण में उच्च विद्यालय की स्थापना हेतु छात्राओं की मांग पर पर मुख्यमंत्री ने आवश्यक करवाई का भरोसा दिया था। हालांकि करवाई भी हुई और ठीक मध्य विद्यालय के सटे ही उच्च विद्यालय इस्लामपुर की स्थापना तो हो गयी लेकिन इस मध्य विद्यालय की तकदीर नही बदली। आज भी इस विद्यालय में ना तो चहारदीवारी है और ना ही शौचालय ही है। जब विद्यालय खुला रहता है तो पढ़ाई-लिखाई क्या होती होगी ? यह बताने की जरूरत नहीं है।

हाजीपुर-मुजफ्फरपुर एनएच से सटे रहने के बाद भी इस विद्यालय का निरीक्षण करने कोई अधिकारी नहीं आते हैं। उपेक्षा का आलम यह है कि विद्यालय में आलू-प्याज रखा गया है। यदि विद्यालय खुल जाए तो सड़े हुए प्याज की दुर्गंध एवं उस पर चल रहे कीड़े बच्चों को बीमार कर सकते हैं। साथ ही सरकार के स्तर पर चलाए जा रहे स्वच्छता अभियान को भी यहां के लोग शिक्षकों की मिलीभगत कर फ्लाप करने में लगे हुए हैं। इतना ही नहीं इसी स्थिति में इस विद्यालय में कैम्प लगाकर कोविड-19 का टीका भी लोगो को दिया गया है। सब कुछ देखने के वाद भी शिक्षा विभाग के अधिकारी अपना मुंह नहीं खोल पाते हैं।

विद्यालय के प्रधानाध्यापक देवेंद्र सिंह ने बताया कि विद्यालय में चहारदीवारी नहीं रहने के कारण लोग प्याज सहित अन्य सामग्री रख देते हैं। उन्हें हटाने के लिए बोला गया है। यदि नही हटाएंगे तो इसकी सूचना विभाग के वरीय अधिकारियों को भी दी जाएगी। इधर, इस संबंध में पूछे जाने पर गोरौल के प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी दिनेश प्रसाद सिंह ने बताया कि विद्यालय में गंदगी किसी को फैलाने नही दी जाएगी। विद्यालय में आलू-प्याज रखे जाने के संबंध में प्रधानाध्यापक के स्तर पर हमें जानकारी नही दी गयी है। मैं स्वयं विद्यालय का निरीक्षण कर त्वरित कार्रवाई करूंगा।

chat bot
आपका साथी