हाजीपुर में वरमाला के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति घायल

हाजीपुर-जंदाहा एनएच पर बरांटी ओपी क्षेत्र के बिदुपुर आरएस बाजार में शुक्रवार की रात्रि एक शादी समारोह में वरमाला के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बारात में इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 11:22 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 11:22 PM (IST)
हाजीपुर में वरमाला के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति घायल
हाजीपुर में वरमाला के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति घायल

संवाद सूत्र, हाजीपुर :

हाजीपुर-जंदाहा एनएच पर बरांटी ओपी क्षेत्र के बिदुपुर आरएस बाजार में शुक्रवार की रात्रि एक शादी समारोह में वरमाला के दौरान गोली लगने से एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हो गया। बारात में इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल कायम हो गया। आपसी दुश्मनी को लेकर दोनों पक्ष की ओर से फायरिग की बात सामने आ रही है। हालांकि, पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट तौर पर मामला सामने आ सकने की उम्मीद है। बरांटी ओपी की पुलिस ने घटना की जानकारी होते ही मौके पर पहुंचकर गहन जांच शुरू कर दी है।

मिली जानकारी के अनुसार बिदुपुर स्टेशन बाजार पर प्रेमचंद केसरी उर्फ मुनचुन चौधरी की बेटी की शादी को लेकर शुक्रवार की रात फूलहरा से बारात आई थी। बारात को बिदुपुर आरएस बाजार में ही ठहराया गया था। रात्रि लगभग 9.30 बजे दरवाजा लगने के बाद वरमाला के दौरान गोलीगारी की घटना हो गई। बताया गया है कि दो पक्षों के बीच पुरानी रंजिश को लेकर आपसी तनाव के बीच फायरिग हुई। जिसमें रहीमापुर का एक व्यक्ति गोली लगने से घायल हो गया। एक व्यक्ति को गोली लगने की घटना के बाद दूसरा पक्ष भीड़ का फायदा उठाकर भाग निकलने में सफल हो गया।

गोलीबारी की घटना के बाद शादी में उत्सव का माहौल फीका पड़ गया। शादी में आए हुए अधिकतर मेहमान रस्म अदायगी कर अपने घर को लौट गए। घटना के बाद बरांटी ओपी के प्रभारी प्रभुनाथ यादव ने पुलिस बल के साथ लड़की पक्ष के दरवाजा पर पहुंच कर स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस घटना की छानबीन में जुट हुई है। लॉकडाउन के दौरान सीमित संख्या में शादी समारोह करने का फरमान राज्य सरकार ने जारी किया है, लेकिन इसके बावजूद काफी संख्या में लोग शादी समारोह में जुटे हुए थे जो सिस्टम पर गंभीर सवाल है। वहीं हैरत की बात यह भी है कि घटनास्थल के समीप में ही थाना है और इस तरह की घटना घटी।

chat bot
आपका साथी