सराय में गोली लगने से एक बदमाश की मौत, दूसरा जख्मी

संवाद सूत्र सराय (वैशाली) सराय थाना क्षेत्र के माधोपुर राम पंचायत एवं शंभुपुर कुंआरी पंच

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 11:39 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 11:39 PM (IST)
सराय में गोली लगने से एक बदमाश की मौत, दूसरा जख्मी
सराय में गोली लगने से एक बदमाश की मौत, दूसरा जख्मी

संवाद सूत्र, सराय (वैशाली):

सराय थाना क्षेत्र के माधोपुर राम पंचायत एवं शंभुपुर कुंआरी पंचायत के सीमा पर दरवेशपुर पुल के निकट सोमवार की दोपहर चंवर में बदमाशों के बीच आपसी विवाद में जमकर गोलीबारी की घटना घटी। घटना में एक बदमाश की गोली लगने से मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद बदमाश के शव को पानी में फेंक कर सभी बदमाश मौके से भाग निकले। घटना की सूचना पर पहुंची पुलिस शव पानी में से निकालकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर ले गई। वहीं गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी एक बदमाश को उसके स्वजन इलाज के लिए लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। जख्मी बदमाश को तीन गोली लगी है। एक गोली पेट में जबकि दो गोली उसके बांह पर लगी हुई है। सदर अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद उसे पटना रेफर कर दिया गया है। उसकी स्थिति भी काफी नाजुक बताई गई है।

घटना के संबंध में बताया गया है कि सराय थाना क्षेत्र के अख्तियारपुर पटेढ़ा गांव निवासी दिलीप कुमार सिंह का पुत्र विक्रम कुमार उर्फ बंटी सराय टाल प्लाजा के निकट चाय-नाश्ता की दुकान चलाता है। दोपहर के बाद वह दुकान पर कहकर चला कि वह दुकान के लिए बनकट का पेड़ काटने जा रहा है। इसके बाद वह वहां से निकल गया। इसके बाद उसके गोली लगने से जख्मी होने की सूचना पर स्वजन उसे जख्मी हालत में लेकर सदर अस्पताल पहुंचे। उसके पिता ने बताया कि भूमि विवाद को लेकर उसे हत्या की नीयत से गोली मारी गई है।

वहीं घटना के बारे जानकारी देते हुए स्थानीय ग्रामीणों ने बताया की उक्त स्थल पर पांच की संख्या में बदमाश पहुंचे थे। उन सभी के बीच किसी बात को लेकर आपसी विवाद शुरू हो गया। इसके बाद इलाका गोलियों की तड़-तड़ाहट से गुंजने लगा। गोलीबारी की इस घटना में गोली लगने से एक बदमाश की मौत मौके पर ही हो गई। दूसरा बदमाश गोली लगने से जख्मी हो गया। बदमाशों ने एक की हत्या करने के बाद शव को पानी में फेंक दिया। घटना को अंजाम देने के बाद दो बदमाश घटनास्थल से गांव की तरफ भागे। इसी दौरान भाग रहे बदमाश गांव में एक दरवाजे पर लगी स्प्लेंडर बाइक को दूसरी चाबी से खोल कर उस पर सवार होकर महुआ की तरफ भाग निकले। वहीं पांचवें बदमाश के संबंध में कुछ भी पता नही चल सका है।

ग्रामीणों ने आशंका जताया है कि हो सकता है उसकी भी हत्या कर उसके शव को भी बदमाशों ने पानी में फेंक दिया हो, जिसके शव का पता नहीं चल पा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि घटनास्थल से पुलिस ने एक पल्सर बाइक, एक अपाचे बाइक, चार खोखा, तीन जिदा कारतूस, एक पेन ड्राइव, गांजा की पुड़िया बरामद किया है। पानी से निकाला गया युवक हाफ पैंट में था। उसके शरीर का कपड़ा पुल के रेलिग पर रखा हुआ था। जिसके साथ एक झोला में कुछ सामान भी था। जिसे पुलिस ने बरामद कर अपने साथ ले गई है। बदमाश की पहचान अख्तियारपुर पटेढ़ा गांव निवासी विक्की कुमार के रूप में की गई है। वहीं गोली लगने से घायल युवक विक्रम कुमार उर्फ बंटी कुमार भी इसी गांव के है। इस संबंध में थानाध्यक्ष अनिल कुमार ने बताया कि घटना की जांच-पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद ही इस मामले में कुछ बताया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी