दादी के दाह संस्कार में गए पोता व उसके दोस्त की स्नान के दौरान डूबने से मौत
संवाद सूत्र लालगंज (वैशाली) लालगंज थाना क्षेत्र के बसंता जहानाबाद घाट पर दादी के अंतिम संस्क
संवाद सूत्र, लालगंज (वैशाली):
लालगंज थाना क्षेत्र के बसंता जहानाबाद घाट पर दादी के अंतिम संस्कार में भाग लेने आए पोते एवं उसके एक साथी की बुधवार को नारायणी नदी में डूब जाने से मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शीतल भकुरहर गांव निवासी देवन पासवान की पत्नी फुल कुमारी की मौत हो गई थी। शव को अंतिम संस्कार के लिए नारायणी नदी के बसंता जहानाबाद घाट पर लाया गया था। दाह संस्कार के बाद सभी लोग नदी में स्नान करने लगे। स्नान के दौरान मृतका का 22 वर्षीय पोता मनीष पासवान, तथा उसका एक साथी 19 वर्षीय आनंद साह का पैर फिसल गया और दोनों गहरे पानी में चले गए। काफी खोजबीन के बाद पानी से दोनों को निकाला गया। जिसके बाद आनन-फानन में दोनों को रेफरल अस्पताल लालगंज ले जाया गया। जहां चिकित्सकों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया।
मिली जानकारी के अनुसार यह घटना बुधवार को दोपहर में करीब दो बजे हुई। घटना की सूचना मिलते ही गांव में कोहराम मच गया। देखते-देखते अस्पताल में भारी भीड़ जुट गई। घटना की सूचना पर लालगंज थानाध्यक्ष सीबी शुक्ला भी अस्पताल पहुंचे और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल हाजीपुर भेज दिया। इधर, घटना के बाद से दोनों मृतकों के स्वजनों का रोते-रोते बुरा हो गया है। मृतक मनीष की अभी हाल ही में शादी हुई थी। उसकी नई नवेली दुल्हन दहाड़ मारकर रो रही थी और वह बार-बार बेहोश हो जा रही थी। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि मनीष की शादी सिधु देवी से 15 जुलाई 2021 को ही हुई थी। इस घटना को लेकर जहां सिधु पर मुसीबतों का पहाड़ टूट पड़ा है, वहीं दोनों युवाओं के स्वजनों का भी बुरा हाल है।