पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक ने अधिकारियों संग योगाभ्यास में लिया हिस्सा

वैशाली। पूर्व मध्य रेल में 7वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी के नेतृत्व

By JagranEdited By: Publish:Mon, 21 Jun 2021 11:43 PM (IST) Updated:Mon, 21 Jun 2021 11:43 PM (IST)
पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक ने अधिकारियों संग योगाभ्यास में लिया हिस्सा
पूर्व मध्य रेल महाप्रबंधक ने अधिकारियों संग योगाभ्यास में लिया हिस्सा

वैशाली। पूर्व मध्य रेल में 7वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर महाप्रबंधक ललित चंद्र त्रिवेदी के नेतृत्व में महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष कौमुदी त्रिवेदी सहित वरिष्ठ रेल अधिकारियों ने योगाभ्यास किया। महाप्रबंधक के दीप प्रज्ज्वलन के बाद योग गुरू ने इससे होने वाले लाभ पर प्रकाश डाला। उन्होंने विभिन्न प्रकार के आसनों एवं प्राणायाम की क्रियाएं करवाई एवं इससे होने वाले लाभ के संबंध में अवगत कराया। इस दौरान कोविड प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन किया गया था।

महाप्रबंधक ने कहा कि योग की महत्ता प्राचीनकाल से ही रही है, परंतु वर्तमान परिस्थितियों में इसकी प्रासंगिकता और भी बढ़ गई है। योग से शारीरिक और मानसिक रूप से व्यक्ति स्वस्थ रहता है। उन्होंने योग के महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि रेलकर्मियों के लिए योग कई मायने में महत्वपूर्ण है। नियमित योग से शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ व्यक्ति तनावमुक्त होकर अपने कार्यों को संपादित करता है। उन्होंने आह्वान किया कि स्वस्थ तन-मन के लिए योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हुए अपने को शारीरिक एवं मानसिक रूप से स्वस्थ रखते हुए निर्बाध रेल संचलन में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करें।

अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर 15 से 20 जून तक ऑनलाइन योग प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाया गया। जिसमें रेल अधिकारियों, कर्मचारियों एवं उनके परिवार के सदस्यों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इस अवसर पर पंडित दीन दयाल उपाध्याय मंडल के अधिकारी क्लब योग सत्र में मंडल रेल प्रबंधक राजेश कुमार पांडेय सहित अन्य अधिकारियों ने हिस्सा लिया। भारत स्काउट एवं गाइड के सदस्यों ने ऑनलाइन योगा फेस्ट का आयोजन किया। जिसमें बेहतर मानसिक स्वास्थ्य पर आधारित ड्राइंग, पेंटिग एवं निबंध प्रतियोगिता हुई। इसके अलावा दानापुर, धनबाद, सोनपुर और समस्तीपुर मंडलों एवं वर्कशॉप में भी कार्यक्रम आयोजित किए गए।

सोनपुर : डीआरएम अनिल कुमार गुप्ता के नेतृत्व में योग शिविर का आयोजन हुआ। इस अवसर पर रेल मंडल महिला कल्याण संगठन अध्यक्ष अनीता गुप्ता, एडीआरएम वन संजीव कुमार राय, एडीआरएम टू अरुण कुमार यादव, वरीय वाणिज्य प्रबंधक चंद्रशेखर प्रसाद, वरीय कार्मिक अधिकारी अशोक कुमार आदि ने भी योगाभ्यास किया। वहीं सोनपुर मंडल के विभिन्न स्टेशनों एवं वर्कशॉप तथा प्रशिक्षण संस्थान में योगाभ्यास किया गया।

chat bot
आपका साथी