सीएस एवं अफसरों की पहल पर काम पर लौटे डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सिविल सर्जन और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिक संघर्ष मोर्चा के साथ चिकित्सक संगठन के प्रतिनिधि के साथ वार्ता के बाद कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 07 May 2021 11:36 PM (IST) Updated:Fri, 07 May 2021 11:36 PM (IST)
सीएस एवं अफसरों की पहल पर काम पर लौटे डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी
सीएस एवं अफसरों की पहल पर काम पर लौटे डॉक्टर एवं स्वास्थ्यकर्मी

संवाद सहयोगी, महनार :

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार के डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों ने सिविल सर्जन और पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिक संघर्ष मोर्चा के साथ चिकित्सक संगठन के प्रतिनिधि के साथ वार्ता के बाद कार्य बहिष्कार का निर्णय वापस ले लिया है। जिसके बाद शुक्रवार की दोपहर से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार में सभी प्रकार की स्वास्थ्य सेवाएं सुचारू ढंग से प्रारंभ हो गई।

इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार में बुधवार को महनार प्रखंड के गोरीगामा पंचायत निवासी राजेश कुमार सिंह उर्फ खन्ना सिंह के स्तर पर चिकित्सक एवं कर्मियों के साथ की गई मारपीट एवं दु‌र्व्यवहार की घटना के बाद उनकी गिरफ्तारी की मांग को लेकर डॉक्टरों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने गुरुवार से कोविड-19 टीकाकरण जांच सहित सभी प्रकार के स्वास्थ्य सेवाओं का अनिश्चितकालीन बहिष्कार शुरू कर दिया था। इसको लेकर महनार के अपर एसडीओ राकेश रंजन एवं महनार थानाध्यक्ष के समझाने का भी कोई असर चिकित्सक एवं कर्मियों पर नहीं हुआ था।

जिसके बाद शुक्रवार को जिले के सिविल सर्जन डॉ. इंद्रदेव रंजन सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार पहुंचे और महनार के एसडीपीओ एसके पंजियार, अपर एसडीओ राकेश रंजन, सीओ रमेश प्रसाद सिंह, चिकित्सक संगठन के प्रतिनिधि ठाकुर मुकेश सिंह चौहान एवं स्थानीय जिला पार्षद मनींद्र नाथ सिंह, मुखिया मुकेश कुमार सिंह, नागरिक संघर्ष मोर्चा महनार के मृत्युंजय कुमार सिंह उर्फ गुल्लू सिंह, मनोज कुमार सिंह, नवल सिंह, ध्रुव कुमार सिंह सहित अन्य लोगों के साथ कार्य बहिष्कार में शामिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मनोरंजन कुमार सिंह सहित सभी डॉक्टरों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ वार्ता की। बैठक में एसडीपीओ ने आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी। जिसके बाद सभी के हस्तक्षेप एवं बीच-बचाव के बाद सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार के चिकित्सकों एवं स्वास्थ्य कर्मियों ने तीन दिन के लिए कार्य बहिष्कार स्थगित करने का निर्णय लिया।

कहा गया कि शुक्रवार से वह सभी अपना कार्य प्रारंभ कर रहे हैं। अगर तीन दिनों के अंदर आरोपित की गिरफ्तारी या कुर्की-जब्ती की कार्रवाई नहीं होती है तो पुन: कार्य अनिश्चितकालीन कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। साथ ही अस्पताल में सुरक्षा की मांग की गई। जिस पर पुलिस पदाधिकारी ने चार-एक का बल तुरंत तैनात करने और स्थाई प्रतिनियुक्ति के लिए एसपी को लिखा जाएगा। बैठक में उपस्थित नागरिक संघर्ष मोर्चा के लोगों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार के व्यवस्था पर भी सवाल उठाया। वहीं लोगों ने सिविल सर्जन महनार से महनार में कोविड-19 की जांच की संख्या बढ़ाने के साथ ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महनार में ऑक्सीजन की व्यवस्था और अनुमंडल क्षेत्र में एक कोविड केयर सेंटर खोलने की भी मांग की। जिस पर सिविल सर्जन ने कार्रवाई का भरोसा दिया।

इस संबंध में सिविल सर्जन डॉ इंद्रदेव रंजन ने कहा कि प्रतिनिधियों के साथ सभी पक्षों के साथ वार्ता के बाद तत्काल कार्य बहिष्कार के निर्णय को वापस ले लिया गया है। तत्काल प्रभाव से ही अस्पताल में कार्य प्रारंभ हो गया है। उन्होंने कहा कि तीन दिनों का समय पुलिस को गिरफ्तारी के लिए दिया गया है। गिरफ्तारी नहीं होने पर दुबारा आंदोलन की बात कहीं गई है। सिविल सर्जन के विशेष अनुरोध पर कोरोना पॉजिटिव होने के बावजूद चिकित्सक संगठन के प्रतिनिधि डॉ. ठाकुर मुकेश सिंह चौहान हाजीपुर से जनहित में खास तौर पर महनार गए थे।

chat bot
आपका साथी