भारतीय मजदूर संघ ने राष्ट्रवादी विचारों के साथ राष्ट्रभक्त मजदूरों को किया संगठित

वैशाली। सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के नयागांव पूर्वी पंचायत स्थित बिहार प्रदेश भवन निर्माण मजदूर संघ

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 09:31 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 09:31 PM (IST)
भारतीय मजदूर संघ ने राष्ट्रवादी विचारों के साथ राष्ट्रभक्त मजदूरों को किया संगठित
भारतीय मजदूर संघ ने राष्ट्रवादी विचारों के साथ राष्ट्रभक्त मजदूरों को किया संगठित

वैशाली। सहदेई बुजुर्ग प्रखंड के नयागांव पूर्वी पंचायत स्थित बिहार प्रदेश भवन निर्माण मजदूर संघ के कार्यालय में भारतीय मजदूर संघ का 67वां स्थापना दिवस धूमधाम से मनाया गया। स्थापना दिवस पर आयोजित कार्यक्रम का उद्घाटन भारत माता, भगवान विश्वकर्मा एवं भारतीय मजदूर संघ के संस्थापक स्व. दत्तोपंत ठेंगड़ी के चित्र पुष्पांजलि अर्पित कर एवं दीप प्रज्वलित कर भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी रामबाबू सिंह आदि ने किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री सह जिला प्रभारी राम बाबू सिंह ने कहा की भारतीय मजदूर संघ की स्थापना 23 जुलाई 1955 को भोपाल में दत्तोपंत ठेंगड़ी जी की अगुवाई में की गई थी। इसकी स्थापना राष्ट्र के औद्योगिकरण, उद्योगों के श्रमिकीकरण एवं श्रमिकों के राष्ट्रीयकरण के उद्देश्य की प्राप्ति हेतु की गई थी। संघ की स्थापना ही राष्ट्रवादी विचारों के साथ राष्ट्रभक्त मजदूरों को संगठित कर एक छत के नीचे लाने हेतु किया गया। स्थापना से पूर्व जितने भी केंद्रीय ट्रेड यूनियन थे वे सभी किसी ना किसी राजनीतिक दल से संबंधित थे। जिस कारण मजदूरों की समस्याओं पर कम राजनीतिक लाभ प्राप्त करने हेतु किया करते थे। इसी को देखते हुए भारतीय मजदूर संघ की स्थापना हुई जो कि गैर राजनीतिक रहते हुए राष्ट्रवादी विचारधारा के साथ राष्ट्रहित में बात करने वाला एवं काम करने वाला संगठन भारतीय मजदूर संघ है। भारतीय मजदूर संघ ने सामंतवाद का विरोध किया एवं भारतीय मजदूर संघ के स्तर पर ही देश में बोनस की मांग उठाई गई। जिस कारण आज सरकारी एवं गैर सरकारी मजदूरों को इसका लाभ प्राप्त हो रहा है। जिला अध्यक्ष हरिहर प्रसाद सिंह ने कहा कि सरकार चाहे किसी भी दल की हो हमें उससे कोई फर्क नही पड़ता है। श्रमिकों के हित में किसी भी सरकार से संघर्ष करने हेतु भारतीय मजदूर संघ सदैव तत्पर रहता है। संघ के जिला मंत्री सुजय कुमार सिंह ने कहा कि भारतीय मजदूर संघ एकमात्र राष्ट्रवादी विचारधारा का संगठन है। कार्यक्रम की अध्यक्षता बिहार प्रदेश भवन एवं पथ निर्माण मजदूर संघ की जिला अध्यक्ष मीरा सिंह ने मंच संचालन दिलीप कुमार ने किया। कार्यक्रम में भारतीय मजदूर संघ के प्रदेश मंत्री रामबाबू सिंह, जिला मंत्री विभा कुमारी, सुजय कुमार सिंह, हरेश्वर प्रसाद सिंह, आशा कार्यकर्ता, जिला संयोजक श्याम सिंह राठौर, गायत्री देवी, राम सोगारथ सिंह, विजय गुप्ता, सुनील कुमार, ज्योतिष साह, शंभू पंडित सहित सैकड़ो लोग उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी