कार्य होने के बाद भी टूट जा रहा बांध, मंत्री के संपत्ति की हो जांच : पप्पू यादव

सुपौल। बाढ़ तथा कोरोना महामारी के बीच विधानसभा चुनाव कराना कहीं से भी सही नजर नहीं आत

By JagranEdited By: Publish:Fri, 14 Aug 2020 08:14 PM (IST) Updated:Sat, 15 Aug 2020 06:11 AM (IST)
कार्य होने के बाद भी टूट जा रहा बांध, मंत्री के संपत्ति की हो जांच : पप्पू यादव
कार्य होने के बाद भी टूट जा रहा बांध, मंत्री के संपत्ति की हो जांच : पप्पू यादव

सुपौल। बाढ़ तथा कोरोना महामारी के बीच विधानसभा चुनाव कराना कहीं से भी सही नजर नहीं आता है। बाढ़ तथा कोरोना संक्रमण से डरे लोग वोट डालने कैसे जा सकते हैं। इस कारण पहले बाढ़ प्रभावित लोगों की सहायता की जाय। प्रदेश को कोरोना संक्रमण से बचाया जाए और फिर चुनाव होना चाहिए। उक्त बातें जाप प्रमुख पप्पू यादव ने गुरुवार की रात सरायगढ़ में प्रमुख विजय कुमार यादव के आवास पर पत्रकारों से कही। उन्होंने कहा कि इस बार 16 जिले के 386 गांव में 56 लाख लोग बाढ़ के कारण सड़क पर आ गए। ऐसे लोगों को सरकार सहायता पहुंचाने में विफल रही है। उन्होंने कहा अभी तक बना बांध टूट गया फिर भी वशिष्टा कंपनी को काम मिलता रहा। पप्पू यादव ने कहा कि बिहार के सिचाई मंत्री के संपत्ति की जांच होनी चाहिए। उन्होंने सवाल खड़ा करते कहा कि जब बाढ़ आने से पूर्व सुरक्षात्मक कार्य कराए जाते हैं तब प्रतिवर्ष बांध क्यों टूटता है। आपदा के नाम पर भारी लूट हो रही है।

कहा कि बिहार में कोरोना संक्रमण को लेकर जो जांच की जा रही है उस पर सवाल खड़े किए जा रहे हैं। एक ही व्यक्ति कहीं पॉजिटिव तो कहीं निगेटिव निकलता है। यह कैसा जांच है। उन्होंने कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए बिहार सरकार के तैयारी को नाकाफी बताया। कहा कि आज हॉस्पिटल में डॉक्टर कोरोना संक्रमितों की जांच करने से घबरा रहे हैं। सरकारी अस्पताल की हालत खराब है। अधिकांश नेता कोरोना पॉजिटिव होते जा रहे हैं। बिहार के मंत्री लोग घर से नहीं निकल रहे। पप्पू यादव ने कहा कि इस बार बिहार में परिवर्तन की जरूरत है और वह होकर रहेगा। एक सवाल के जवाब में पप्पू यादव ने कहा कि समय आने पर बिहार में बेहतर विकल्प सामने आ जाएगा। कहा कि उनके लिए पहले बिहार और बिहारी है उसके बाद चुनाव। जब अक्टूबर माह तक बाढ़ का खतरा बना रहता है तो ऐसे में चुनाव कैसे संभव होगा। पप्पू यादव ने कहा कि मौका मिला तो 72 घंटे के अंदर बिहार की परिस्थिति बदल देंगे।

इस दौरान उनके साथ सरायगढ़ भपटियाही प्रखंड प्रमुख विजय कुमार यादव सहित कुछ अन्य पार्टी नेता भी थे।

chat bot
आपका साथी