6.61 करोड़ से सुपौल में बनेगा खेल भवन : मंत्री

खेल को बढ़ावा देने के लिए 6 करोड़ 61 लाख की राशि से सुपौल में खेल भवन का निर्माण किया जाएगा। राज्य के सभी प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Sep 2021 11:47 PM (IST) Updated:Sun, 05 Sep 2021 11:47 PM (IST)
6.61 करोड़ से सुपौल में बनेगा खेल भवन : मंत्री
6.61 करोड़ से सुपौल में बनेगा खेल भवन : मंत्री

सुपौल। खेल को बढ़ावा देने के लिए 6 करोड़ 61 लाख की राशि से सुपौल में खेल भवन का निर्माण किया जाएगा। राज्य के सभी प्रखंड में स्टेडियम का निर्माण किया जाएगा। सुपौल के नौ प्रखंडों से स्टेडियम निर्माण को ले प्रस्ताव सरकार को प्राप्त हुआ है। शेष बचे दो प्रखंड से भी प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। आने वाले दिनों में बहुत जल्द ही यहां के लोगों को प्रखंड स्टेडियम देखने को मिलेगा। उक्त बातें सूबे के कला संस्कृति एवं युवा विभाग मंत्री डा.आलोक रंजन ने रविवार को सुपौल भाजपा पार्टी कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में कही।

समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि जब से केंद्र में एनडीए की सरकार बनी है खेल और खिलाड़ियों की अपार संभावनाएं बनी है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा खिलाड़ियों को उत्साहवर्धन किए जाने का असर ओलंपिक में देखने को मिला है। ओलंपिक में भारत का कोई स्थान नहीं होता था। आज मेडल लेने में देश का स्थान 50 से नीचे आया है, अब तो देश के खिलाड़ी पैराओलंपिक में भी मेडल जीतने लगे हैं। कहा कि राज्य की एनडीए सरकार खेल और खिलाड़ियों के लिए कई तरह की योजनाएं बना रही है। बिहार देश का छठा राज्य होगा जहां खेल विश्वविद्यालय बनने जा रहा है। अभी तक देश के सिर्फ पांच राज्यों में ही खेल विश्वविद्यालय थे, जहां से खिलाड़ियों को डिग्री मिलती थी। राज्य में खेल विश्वविद्यालय का प्रस्ताव विधानसभा से पारित होकर राज्यपाल द्वारा अधिसूचित कर दिया गया है। आने वाले दिनों में इसका असर ओलंपिक में भी देखने को मिलेगा। मंत्री ने कहा कि राज्य के प्रत्येक प्रखंडों में स्टेडियम निर्माण की योजना सरकार के एजेंडे में शामिल है। इसको ले सुपौल के 9 प्रखंडों से प्रस्ताव सरकार को मिल चुका है। शेष बचे दो प्रखंड निर्मली और बसंतपुर से भी स्टेडियम निर्माण को ले प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया गया है। जल्द ही प्रखंडों से मिले प्रस्ताव को सरकार द्वारा स्वीकृति प्रदान कर दी जाएगी और आने वाले दिनों में लोगों को प्रखंड स्टेडियम देखने को मिलेंगे। मंत्री ने कहा कि सुपौल जिले में खेल को बढ़ावा देने के लिए 6 करोड़ 61लाख की लागत से खेल भवन का निर्माण किया जाएगा। जिस पर कार्य बहुत जल्द ही शुरू हो जाएगा, ताकि कोसी प्रभावित इस जिले के खिलाड़ियों की प्रतिभा को निखारा जा सके और वे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर सकें।

इससे पूर्व कला संस्कृति प्रकोष्ठ द्वारा मंत्री का भव्य स्वागत किया गया। ढोल नगाड़े के साथ मंत्री का आगमन हुआ और पाग माला पहनाकर उनका स्वागत किया गया। कला संस्कृति प्रकोष्ठ के जिला संयोजक जयंत मिश्रा की अध्यक्षता वाले समारोह को संबोधित करते जिलाध्यक्ष रामकुमार राय ने कहा कि माननीय मंत्री आलोक रंजन ने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए आज मंत्री पद को सुशोभित किया है। पार्टी का रीति और नीति है कि एक आम कार्यकर्ता भी शीर्ष पद को सुशोभित कर सकता है। पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर ने कहा इनके मंत्री बनने से कोसी, सीमांचल, मिथिलांचल में संगठन को और मजबूती मिलेगी तथा यह इलाका खेल एवं कला संस्कृति के क्षेत्र में मजबूत होगा। मौके पर पूर्व विधायक दीनबंधु यादव, पूर्व जिलाध्यक्ष डा. विजय शंकर चौधरी, जिला महामंत्री सुरेश कुमार सुमन, कुणाल ठाकुर, जिला उपाध्यक्ष गौरव कुमार, सरोज झा, सुशील मोदी, सुमन चंद, गिरीश चंद्र ठाकुर, रंधीर ठाकुर, सुमन झा,रंजू झा, अनिल साह, नलिन जायसवाल, प्रकाश झा, मनोज पाठक, समीर भारद्वाज, दीपक दुबे,महामाया चौधरी, मनोज मेहता, रामदेव पंडित, राजकुमार पौद्दार सहित काफी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता उपस्थित थे। मंच संचालन जिला महामंत्री मनोज कुमार सिंह ने किया।

chat bot
आपका साथी