छात्रों ने सड़क जाम कर की नारेबाजी, विद्यालय प्रधान पर लगाया आरोप

संवाद सूत्र मरौना (सुपौल) विद्यालय प्रधान की मनमानी और विद्यालय में पढ़ाई नहीं होने से आजिज अन

By JagranEdited By: Publish:Sat, 09 Oct 2021 05:49 PM (IST) Updated:Sat, 09 Oct 2021 05:51 PM (IST)
छात्रों ने सड़क जाम कर की नारेबाजी, विद्यालय प्रधान पर लगाया आरोप
छात्रों ने सड़क जाम कर की नारेबाजी, विद्यालय प्रधान पर लगाया आरोप

संवाद सूत्र, मरौना (सुपौल) : विद्यालय प्रधान की मनमानी और विद्यालय में पढ़ाई नहीं होने से आजिज अनंत उच्च विद्यालय गनोरा-परसोनी के छात्रों ने गनोरा चौक के समीप शनिवार को मरौना-निर्मली मुख्य सड़क को जाम कर नारेबाजी की। इस दौरान मुख्य सड़क दो घंटे तक जाम रही और गाड़ियों की लंबी कतार लगी रही। छात्र- छात्राओं का कहना था कि हम लोगों को पोशाक एवं छात्रवृत्ति की राशि नहीं मिली है। जब भी हमलोग विद्यालय पहुंचते हैं तो विद्यालय प्रधान के द्वारा दु‌र्व्यवहार किया जाता है। कुछ छात्रों को ड्रेस में नहीं देख प्रधान शिक्षक परेशान करने लगते हैं लेकिन हम छात्र छात्राओं में अधिकांश गरीब परिवार से हैं। हमलोगों के अभिभावक कोरोना की वजह से बाहर कमाने नहीं गए हैं। परिवार चलाना मुश्किल हो रहा है। इस परिस्थिति में ड्रेस कहां से लेंगे। छात्राओं का कहना था विद्यालय में पढ़ाई नहीं होती है सभी शिक्षक आपस में गप लड़ाते रहते हैं। जब पढ़ाने बोलते हैं तो गुस्सा करते रहते हैं। कहा जब मर्जी होती है छुट्टी भी दे दी जाती है। गुस्साए छात्र छात्राओं को कई जनप्रतिनिधि व बुद्धजीवियों ने समझाने की कोशिश की लेकिन छात्र-छात्रा ने किसी की नहीं मानी। बाद में मरौना सीओ निरंजन सुमन व एसआइ बिनोद राउत ने समझाया तब जाम हटाया गया। इस बीच विद्यालय के छात्र एवं छात्राओं ने सीओ को एक ज्ञापन सौंप विद्यालय प्रधान के विरुद्ध करवाई की मांग की। घटना को लेकर सीओ ने कहा कि इसकी जानकारी जिला शिक्षा पदाधिकारी को दी जाएगी। इस संबंध में पूछे जाने पर विद्यालय प्रधान ने कहा कि तमाम आरोप सरासर गलत है। विद्यालय में ड्रेस पहनकर आने के लिए कहा जा रहा है जिससे इनलोगों को परेशानी हो रही है।

chat bot
आपका साथी