आपसी प्रेम-भाईचारा है देश की बड़ी ताकत

जागरण संवाददाता सुपौल आपसी सौहार्द प्रेम भाईचारा के साथ कुरीति रहित समाज बनाने के उद्दे

By JagranEdited By: Publish:Mon, 01 Mar 2021 04:33 PM (IST) Updated:Mon, 01 Mar 2021 04:33 PM (IST)
आपसी प्रेम-भाईचारा है देश की बड़ी ताकत
आपसी प्रेम-भाईचारा है देश की बड़ी ताकत

जागरण संवाददाता, सुपौल: आपसी सौहार्द, प्रेम, भाईचारा के साथ कुरीति रहित समाज बनाने के उद्देश्य से जिला मुख्यालय स्थित मिलन मैरेज पैलेस में आयोजित दो दिवसीय अखिल भारतवर्षीय यादव महासभा के तत्वावधान में जनचेतना सम्मेलन सह सम्मान समारोह संपन्न हो गया। समारोह का उद्घाटन यादव महासभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य प्रो. (डॉ.) विनोद कुमार यादवेन्दु, युवा प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव, पूर्व विधायक दीनबंधु यादव, महिला प्रदेश अध्यक्ष प्रो. (डॉ) रूबी कुमारी यादव, विजय कुमार यादव, डॉ. अमन कुमार के द्वारा दीप प्रज्ज्वलित कर किया गया। सम्मेलन को संबोधित करते हुए विनोद कुमार यादवेंदु ने कहा कि यादव सदैव योद्धा जाति रही है। इनका इतिहास बहुत ही गौरवशाली और संघर्षपूर्ण रहा है। हिन्दुस्तान को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए धार्मिक, सामाजिक, आर्थिक व राजनैतिक परिप्रेक्ष्य में आमूल-चूल परिवर्तन जरूरी है। वहीं युवा प्रदेश अध्यक्ष अजय यादव ने कहा कि जुल्म के खिलाफ यादव समाज आदि काल से आवाज बुलंद करते रहे हैं। राष्ट्रधर्म सभी जाति और धर्मों से बड़ा है। एकता अखंडता को तार-तार करने वाला समाज और राष्ट्र का सबसे बड़ा दुश्मन है।

सम्मेलन की अध्यक्षता करते हुए यादव महासभा के जिला अध्यक्ष सह आयोजन समिति संयोजक डॉ. अमन कुमार ने कहा कि आपसी प्रेम और भाईचारा ही देश की ताकत है। भारत को जाति और मजहब के नाम पर बंटने नहीं देंगे। प्यार और मोहब्बत से समाज में एकजुटता कायम रहेगी। आपसी सौहार्द कायम कर देश-दुनिया में यादव समाज मिशाल पेश करें। कहा कि हर व्यक्ति अपने जाति को सर्वश्रेष्ठ मानता है। कोई जाति महान नहीं होता है। इंसान का अच्छा गुण महान होता है। अच्छे गुण के बदौलत इंसान दुनियां को बदल सकता है। पूर्व विधायक दीनबंधु यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के विचार को आत्मसात कर बेहतर समाज के निर्माण में यादव बंधुओं को भागीदार बनना चाहिए। जिला मुख्य संरक्षक विजय कुमार यादव ने कहा कि कृष्ण और सुदामा की मित्रता को आत्मसात कर समता मूलक समाज-बनाने की जरूरत है। महिला यादव महासभा के प्रदेश अध्यक्ष प्रो. (डॉ.) रूबी कुमारी यादव ने कहा कि आज यादव महासभा सहित सभी सामाजिक संगठन को निष्पक्ष रूप से समाज के हित में खड़ा होने की आवश्यकता है।

झारखंड प्रदेश प्रभारी श्यामनंदन यादव ने कहा कि यादव समाज दबे-कुचले, शोषित, वंचित, उपेक्षित वर्गो की आवाज उठाने का कार्य करेंगे। पूर्वजों से सीख लेकर यादव समाज को अन्य जातियों के लिए वटवृक्ष बनना चाहिए।

माध्यमिक शिक्षक संघ के जिला सचिव सुरेन्द्र यादव और डॉ इंद्रभूषण यादव ने कहा कि मृत्यु भोज एक सामाजिक बुराई है। अपने परिवार को खोने का दुख और ऊपर से भारी भरकम खर्च कहीं से औचित्य नहीं है। वक्ताओं ने कहा कि मृत्युभोज एक अभिशाप है। इसे जन चेतना एवं जन शिक्षा के द्वारा ही खत्म किया जा सकता है। अहीर रेजिमेंट की लड़ाई अनवरत जारी रहेगी। सम्मेलन में स्वच्छ, सुंदर, खुशहाल, शिक्षित और विकसित समाज निर्माण के साथ-साथ देश में शांति, प्रेम और भाईचारे को बढ़ावा देने का संकल्प लिया गया। समारोह में जिला संरक्षक प्रो. जगरनाथ यादव, प्रो. राम बहादुर यादव, डॉ. दयानंद भारती, संत जयनारायण यादव, ई. बी.एन. भारती, भगवानदत यादव, सोनी कुमारी, पूनम यादव, नरेन्द्र यादव, डॉ. प्रकाश यादव, राम नरेश कोशिकी, हरिबोल यादव, डॉ. सुशील कुमार यादव, अनिल कुमार, शंभू यादव, चंदेश्वरी प्रसाद यादव, ललन यादव, शिवनारायण यादव, गोपाल यादव, परमानंद कुमार पप्पू, ब्रह्मदेव यादव आदि ने अपने विचार व्यक्त किए।

chat bot
आपका साथी