सिवान में स्टेट हाइवे पर पुलिया निर्माण को पहुंचे कर्मियों का लोगों ने किया विरोध

सिवान। प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में स्टेट हाइवे पर स्थित जर्जर पुलिया को तोड़कर उसे फिर से बनाने के दौरान सोमवार को कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों तथा मजदूरों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 06 Dec 2021 09:34 PM (IST) Updated:Mon, 06 Dec 2021 09:34 PM (IST)
सिवान में स्टेट हाइवे पर पुलिया निर्माण को पहुंचे कर्मियों का लोगों ने किया विरोध
सिवान में स्टेट हाइवे पर पुलिया निर्माण को पहुंचे कर्मियों का लोगों ने किया विरोध

सिवान। प्रखंड मुख्यालय स्थित बाजार में स्टेट हाइवे पर स्थित जर्जर पुलिया को तोड़कर उसे फिर से बनाने के दौरान सोमवार को कंस्ट्रक्शन कंपनी के अधिकारियों तथा मजदूरों को ग्रामीणों के भारी विरोध का सामना करना पड़ा। इसके बाद काम बंद कर मजदूरों को वापस होना पड़ा। वहीं पुलिया के टूट जाने के बाद रघुनाथपुर बाजार दो भागों में बंट चुका है तथा स्टेट हाइवे से गुजरने वाले रोजाना हजारों गाड़ियों तथा राहगीरों के लिए अब नई समस्या उत्पन्न हो गई है। जानकारी के अनुसार रघुनाथपुर बाजार में एक ब्रिटिश जमाने की संकीर्ण पुलिया बिना रेलिग की थी। इस कारण नाले में आए दिन राहगीर गिरकर घायल होते रहे हैं व बाजार में हमेशा जाम लगा रहता था। इस कारण कई बार स्थानीय लोगों ने वरीय अधिकारियों से इसकी शिकायत की थी। इसी बीच सड़क निर्माण कंपनी के ठिकेदार ने शनिवार की देर शाम सीमेंट के बने सायफन व कुछ मेटेरियल गिराकर रविवार की रात जेसीबी के सहारे पुलिया को तोड़कर चौड़ीकरण करने के लिए सड़क पर आवागमन को बंद कर दिया। पुलिया के टूटते ही रघुनाथपुर दो भागो में बंट गया। इसके बाद मामला उस वक्त गहरा गया जब कंस्ट्रक्शन कंपनी द्वारा निर्माण सामग्री गिरा कर सायफन डालने के लिए जेसीबी के सहारे क्षतिग्रस्त पुलिया की सफाई की जा रही थी। इसकी सूचना मिलते ही काफी संख्या में लोग एकत्रित हो गए तथा सायफन की जगह आरसीसी पुल स्थाई रूप से बनाने की मांग करने लगे। इस दौरान कंपनी के कर्मचारियों से ग्रामीणों की तीखी बहस हुई। इस संदर्भ में आदर्श कंस्ट्रक्शन के तरफ से जूनियर इंजीनियर जिशन व पीडब्ल्यूडी विभाग के सहायक अभियंता सत्यनारायण यादव ने बताया कि अभी इस पुलिया का निर्माण अस्थाई हो रहा है। दरौली व गंभीरार में यूपी से जोड़ने वाले पुल के बन जाने के बाद मांझी-गुठनी पथ को चौड़ीकरण करते हुए पुलिया को बेहतर तरीके से बनाया जाएगा। समाचार लिखे जाने तक स्थानीय लोगों के विरोध के कारण सड़क निर्माण कंपनी अपने सभी मजदूरों, उपकरणों व अधिकारियों को लेकर वापस चली गई।

chat bot
आपका साथी