सिवान में कोरोना से बचने को घरों में लॉक रहे लोग

लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को भी जिले की सड़कें पूरी तरह से सूनी नजर आईं। सुबह सात बजे से 11 बजे तक कुछ लोगों ने जरूरत के सामान की खरीदारी की लेकिन समय के साथ सभी दुकानें बंद हो गईं।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 08 May 2021 09:12 PM (IST) Updated:Sat, 08 May 2021 09:12 PM (IST)
सिवान में कोरोना से बचने को घरों में लॉक रहे लोग
सिवान में कोरोना से बचने को घरों में लॉक रहे लोग

सिवान । लॉकडाउन के चौथे दिन शनिवार को भी जिले की सड़कें पूरी तरह से सूनी नजर आईं। सुबह सात बजे से 11 बजे तक कुछ लोगों ने जरूरत के सामान की खरीदारी की, लेकिन समय के साथ सभी दुकानें बंद हो गईं। इससे पूरे शहर में सन्नाटा पसर गया। इक्का-दुक्का लोग सड़कों पर नजर आए। जो लोग सड़कों पर बिना काम के दिखे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। इस दौरान जिला प्रशासन के साथ-साथ पुलिस भी सख्त नजर आई।

अनावश्यक घूमने वालों पर चला पुलिस का डंडा :

•िाले में लॉकडाउन के दौरान पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाना शुरू कर दिया है। सड़कों पर बिना वजह वाहनों से घूमने वालों पर पुलिस द्वारा डंडा चलाया जा रहा है। चोरी छिपे दुकान खोलने वालों पर कड़ाई से कार्रवाई की जा रही है। लॉकडाउन का लोग अमल करें, इसके लिए शहर के सभी चौक चौराहों पर पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। पुलिस कर्मी बिना वजह घूमने वालों को सख्त हिदायत दे रहे थे। उधर लॉकडाउन का पालन करवाने के लिए सदर एसडीओ रामबाबू बैठा, एसडीपीओ जितेंद्र पांडेय, एएसडीओ अभिषेक कुमार चंदन, सदर बीडीओ रमेंद्र कुमार, मुफस्सिल थानाध्यक्ष ददन सिंह दल-बल के साथ भ्रमण करते दिखे। इस दौरान उनलोगों ने लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले व अनावश्यक घूम रहे लोगों को दंड के रूप में हल्की पिटाई की। तो कुछ लोगों को कान पकड़ कर उठक-बैठक भी कराया। एसडीओ ने बताया कि लॉकडाउन के नियमों का पालन कराने के लिए सख्ती बरतनी पड़ रही है।

सैनिटाइजेशन का चला अभियान :

लॉकडाउन में नगर परिषद द्वारा सैनिटाइजेशन का अभियान चलाया जा रहा है। इस दौरान शहीद सराय बाजार, बड़ी मस्जिद रोड, शांति वटवृक्ष मोड़ सहित अन्य जगहों को सैनिटाइजेशन किया गया। इसी प्रकार अन्य नगर पंचायतों द्वारा भी अपने-अपने क्षेत्र में अभियान को गति दी गई। नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी राहुल धर दुबे ने बताया कि यह अभियान रोजाना चलता रहेगा। पॉजिटिव मरीज मिलने पर उनके घर को सैनिटाइजेशन किया जा रहा है। साथ हीं लगभग सभी वार्डों को सैनिटाइज्ड किया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी