सिवान के भगवानपुर हाट में 53 व लकड़ी नबीगंज में 62.52 प्रतिशत मतदान

त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नौवें चरण में दो प्रखंड भगवानपुर हाट व लकड़ी नबीगंज में सोमवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ जो संध्या पांच बजे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। हालांकि एक-दो जगह छिटपुट घटनाएं भी घटित हुईं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 29 Nov 2021 10:53 PM (IST) Updated:Mon, 29 Nov 2021 10:53 PM (IST)
सिवान के भगवानपुर हाट में 53 व लकड़ी नबीगंज में 62.52 प्रतिशत मतदान
सिवान के भगवानपुर हाट में 53 व लकड़ी नबीगंज में 62.52 प्रतिशत मतदान

सिवान । त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के तहत नौवें चरण में दो प्रखंड भगवानपुर हाट व लकड़ी नबीगंज में सोमवार की सुबह सात बजे से मतदान शुरू हुआ जो संध्या पांच बजे शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। हालांकि एक-दो जगह छिटपुट घटनाएं भी घटित हुईं।

जिला प्रशासन द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार भगवानपुर हाट प्रखंड में जहां 53 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। वहीं लकड़ीनबीगंज प्रखंड में 62.52 प्रतिशत मतदान हुआ। पिछले छह चरणों में जिस तरह से महिला मतदाताओं ने बढ़-चढ़कर अपने मत का प्रयोग किया है, उसी तरह सोमवार को भी दोनों प्रखंडों में महिलाएं अपनी ताकत दिखाते हुए वोटिग में पुरुष मतदाताओं से बाजी मारने का काम किया। जानकारी के अनुसार भगवानपुर हाट प्रखंड में जहां 54 प्रतिशत महिला व 53.54 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने मतदान किया। वहीं लकड़ी नबीगंज प्रखंड में अपनी भागीदारी दिखाते हुए 68 प्रतिशत महिला व 56.06 प्रतिशत पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

मतदान को ले मतदाताओं में दिखा उत्साह :

गांव की सरकार का गठन करने को ले मतदान हेतु मतदाताओं में काफी उत्साह देखा गया। मतदाता पहचान पत्र के साथ सुबह से ही अपने बूथों पर पहुंच कतार में खड़े हो गए और अपनी बारी आने पर मनपसंद प्रत्याशी को चुनने के लिए मतदान किया। ज्ञात हो कि दोनों प्रखंडों में जिला पार्षद समेत मुखिया, सरपंच, बीडीसी, वार्ड सदस्य, पंच के कुल 1012 पदों के लिए 3442 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे, जिनके भाग्य का फैसला 458 बूथों पर मतदाताओं ने किया और अब सभी के परिणाम 1 दिसंबर को जारी होंगे। वहीं जिला प्रशासन द्वारा पंचायत चुनाव को ले दोनों प्रखंडों में कुल 3048 कर्मी लगाए गए थे। शांति व्यवस्था को ले विभिन्न बूथों पर काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी। पदाधिकारियों की टीम देर शाम तक विभिन्न बूथों का जायजा लेती रही।

एक दिसंबर को होगा प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला :

ज्ञात हो कि भगवानपुर हाट प्रखंड के 20 पंचायतों में जिला परिषद, मुखिया, सरपंच, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य एवं पंच के कुल 631 पद के लिए 2142 प्रत्याशी तथा लकड़ी नबीगंज प्रखंड के 11 पंचायतों में 391 पद के लिए 1300 प्रत्याशी चुनावी मैदान में हैं। जिनके भाग्य ईवीएम व मतपेटी में बंद हो चुका है। इनके भाग्य का पिटारा एक दिसंबर को मतगणना के बाद खुलेगा। जिला परिषद, मुखिया, पंचायत समिति सदस्य, वार्ड सदस्य का मतदान ईवीएम तथा सरपंच व पंच पद का मतदान बैलेट पेपर के माध्यम से हुआ। भगवानपुर प्रखंड में तीन जिला परिषद, 20 मुखिया, 20 सरपंच, 28 पंचायत समिति सदस्य, 280 वार्ड सदस्य तथा 280 पंच सदस्य पद के लिए 286 बूथों पर मतदान हुआ। इन सभी पदों के लिए 2142 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपनी किस्मत आजमा रहे हैं। इनमें जिला परिषद के तीन पद के लिए 49, मुखिया पद के लिए 179, सरपंच पद के लिए 225, पंचायत समिति पद के लिए 183, वार्ड सदस्य पद के लिए 1162 तथा पंच पद के लिए 444 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। वहीं लकड़ी नबीगंज प्रखंड में जिला परिषद के दो सीटों के लिए 26 प्रत्याशी चुनावी मैदान में थे। जबकि 11 मुखिया पद के लिए 96, 11 सरपंच पद के लिए 65, 17 बीडीसी पद के लिए 129, 170 वार्ड सदस्य के लिए 679 तथा 170 पंच पद के लिए 305 प्रत्याशी चुनावी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे थे।

chat bot
आपका साथी