बैरगनिया में युवक की हत्या, शव उसके दरवाजे पर लाकर फेंका

सीतामढ़ी। नगर के वार्ड नंबर 3 अशोगी गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की नृशंस हत्या कर दी।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 11 Jun 2021 10:59 PM (IST) Updated:Fri, 11 Jun 2021 10:59 PM (IST)
बैरगनिया में युवक की हत्या,  शव उसके दरवाजे पर लाकर फेंका
बैरगनिया में युवक की हत्या, शव उसके दरवाजे पर लाकर फेंका

सीतामढ़ी। नगर के वार्ड नंबर 3 अशोगी गांव में गुरुवार देर रात अज्ञात अपराधियों ने एक युवक की नृशंस हत्या कर दी। उसका शव उसके दरवाजे पर फेंक दिया। मृतक किशोर सिंह का पुत्र रंजीत सिंह (38) था। घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा के साथ सअनि रंजीत कुमार दल बल के साथ अशोगी पहुंचकर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। पोस्टमार्टम के पश्चात शव शुक्रवार को मृतक के परिवार को सुपुर्द कर दिया गया। परंतु आक्रोशित ग्रामीण ने उचित मुआवजा व अपराधियों की गिरफ्तारी को लेकर कई घंटों तक शव को रखकर बैठे रहे। सूचना पर पहुंचे सदर डीएसपी रामाकांत उपाध्याय ने मामले की छानबीन की। डॉग स्क्वायड की भी मदद ली गई। उन्होंने बताया कि हत्या से संबंधित सभी बिदुओं पर जांच की जा रही है। मृतक की पत्नी किरण देवी ने बताया कि उनके पति गुरुवार को दिन के करीब 12 बजे के आसपास घर से निकले। रात होने पर भी वह घर नहीं लौटे तो खोजबीन की गई। लेकिन, कुछ पता नहीं चला। रात के करीब 12 बजे मृतक की पत्नी जब घर से बाहर निकली तो देखा कि उनके पति का ही अर्धनग्न अवस्था में शव सिर्फ कच्छा पहने दरवाजे पर पड़ा हुआ है। नजदीक से देखा तो पता चला कि गले में रस्सी का निशान, कुल्हाड़ी से पैर व बाजू पर प्रहार कर हत्या की गई है। हालांकि, देखने से यह प्रतीत होता था कि हत्या कहीं और जगह करके शव को लाकर दरवाजे पर रखा गया है। जानकारी के अनुसार, मृतक दो भाई है। मृतक के तीन बच्चे हैं, जिनमें खुशी कुमारी (10), पुत्र प्रिस कुमार (03) एवं आरोही कुमारी (छह माह) है। बताया जाता है कि वह राजमिस्त्री के साथ लेबर का काम करता था। भाई कृष्णा कुमार सिंह व पिता किशोरी प्रसाद सिंह दूसरे राज्य में रहकर मजदूरी करते हैं। रोज कमाकर अपने परिवार का गुजर-बसर करता था। लॉकडाउन के कारण वह काफी तंगी हालत में था। रंजीत सिंह की हत्या से उनके परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्वजनों का रो-रोकर हाल बुरा है। इस बाबत पूछे जाने पर बीडीओ विजय कुमार मिश्र ने बताया कि मृतक के परिवार को कबीर अंत्येष्टि योजना के अंतर्गत 20 हजार की राशि दी जाएगी। प्रखंड कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष सह वार्ड पार्षद संतोष पासवान ने बताया कि मृतक के परिवार को नगर परिषद से हर संभव मदद की जाएगी। भाजपा नेता मोहन सिंह, चंदेश्वर महतो, राजकुमार सिंह, धीरज कुमार सिंह सुरेश सिंह उपस्थित होकर पीड़ित परिवार को ढांढ़स बंधाया।

chat bot
आपका साथी