सुर्खियों में आई सुखचैन देवी तो प्रशासन ने लिया सुध, लोन देने घर पहुंच गए अधिकारी

अपने हौसले व जज्बे से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली सुखचैन देवी ने आखिरकार साबित कर दिया कि नारी अपराजिता होती है।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 06 Jun 2020 08:35 PM (IST) Updated:Sun, 07 Jun 2020 06:17 AM (IST)
सुर्खियों में आई सुखचैन देवी तो प्रशासन ने लिया सुध, लोन देने घर पहुंच गए अधिकारी
सुर्खियों में आई सुखचैन देवी तो प्रशासन ने लिया सुध, लोन देने घर पहुंच गए अधिकारी

सीतामढ़ी। अपने हौसले व जज्बे से आत्मनिर्भरता की मिसाल पेश करने वाली सुखचैन देवी ने आखिरकार साबित कर दिया कि नारी अपराजिता होती है। वो ठान ले तो क्या कुछ मुमकिन नहीं। बाजपट्टी प्रखंड की बररी फुलवरिया पंचायत की बसौल गांव की रहने वाली सुखचैन देवी के हौसले के अब सब कायल हो गए हैं। कल तलक मुफलिसी में जी रही इस महिला के लिए दो वक्त की रोटी का इंतजाम करने में सुख-चैन सब छीन गया था। गरीबी व तंगहाली से आजिज सुखचैन ने परिवार के गुजारे के लिए सामाजिक तानों को दरकिनार कर उस्तूरा-कैंची पकड़ी तो मिसाल बन गई। सुर्खियों में आते ही डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा की नजर इस महिला पर पड़ी। डीएम के आदेश पर उसकी मदद के लिए मुद्रा लोन स्वीकृत हो गया है। गांव-घर में घूम-घूमकर हजामत करने वाली सुखचैन देवी को अब विशेष प्रशिक्षण देने की व्यवस्था हो रही है। शनिवार को लीड बैंक मैनेजर एवं अन्य अधिकारी उसके गांव पहुंच गए। डीएम ने महाप्रबंधक, जिला उद्योग केंद्र एवं लीड बैंक मैनेजर को निर्देश दिया है कि सुखचैन देवी को हर संभव सहायता प्रदान किया जाए। अब सुखचैन देवी का अपना पार्लर होगा, उनकी कार्य दक्षता को बढ़ाने हेतू उन्हें प्रशिक्षण भी दिलवाया जाएगा। अब उस गांव की बहू-बेटियों को शहर के ब्यूटी पार्लर में जाना नहीं पड़ेगा। शादी में दुल्हन को सजाने के लिए शहर में लाना नहीं पड़ेगा, क्योकि अब यह सब कार्य सुखचैन देवी स्वयं करेगी। डीपीआरओ परिमल कुमार ने बताया कि सुखचैन देवी ने जिला उद्योग केंद्र में आकर 50000(पचास हजार) रुपये मुद्रा लोन के लिए आवेदन दिया। डीएम के आदेश पर त्वरित कार्रवाई करते हुए उसे बैंक ऑफ बड़ौदा भेज दिया गया। दो-तीन दिन के अंदर लोन की रकम सुखचैन देवी के खाते में चली जाएगी। साथ ही आवश्यकता पड़ने पर लोन की लिमिट भी बढ़ाई जाएगी।

chat bot
आपका साथी