बथनाहा में मुखिया के घर पर रोड़ेबाजी, फायरिग

बथनाहा थाना क्षेत्र की बैरहा बराही पंचायत के बैरहा बराही गांव में बुधवार को पूर्व के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने मुखिया राम पुकार ठाकुर के घर पर हमला बोल दिया।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 13 Nov 2019 11:22 PM (IST) Updated:Wed, 13 Nov 2019 11:22 PM (IST)
बथनाहा में मुखिया के घर पर रोड़ेबाजी, फायरिग
बथनाहा में मुखिया के घर पर रोड़ेबाजी, फायरिग

सीतामढ़ी। बथनाहा थाना क्षेत्र की बैरहा बराही पंचायत के बैरहा बराही गांव में बुधवार को पूर्व के विवाद को लेकर कुछ लोगों ने मुखिया राम पुकार ठाकुर के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने जहां मुखिया के घर को घेर कर रोड़ेबाजी की, वहीं हत्या की नीयत से फायरिग भी की। इसमें मुखिया बाल-बाल बच गए। हरवे-हथियार से लैस हमलावरों ने मुखिया की पत्नी प्रतिमा कुमारी की पिटाई कर दी। तकरीबन आधा घंटा तक हमलावरों ने उत्पात मचाया। सूचना के बाद थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा, सशस्त्र बल के साथ मौके पर पहुंचे, तब तक हमलावर फरार हो चुके थे। मुखिया की पत्नी को इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना की बाबत मुखिया के आवेदन पर बथनाहा थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें ग्रामीण चंदन कुमार, शत्रुघ्न भगत, नंदन कुमार, रामजन महतो व भरत भगत को नामजद किया गया है। इसके अलावा दस अज्ञात को भी आरोपित किया गया है। बताया गया है कि चंदन समेत अन्य आरोपितों द्वारा वर्ष 2018 में मुखिया से बतौर रंगदारी पांच लाख रुपये की डिमांड की गई थी। मुखिया द्वारा थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इससे नाराज चंदन समेत आरोपितों ने मुखिया पर हमला भी किया था। इसके बाद से मुखिया और चंदन के समर्थकों के बीच ठन गई थी। मामला न्यायालय में लंबित है। जबकि, दोनों के समर्थकों के बीच अक्सर मारपीट होती रही है। इसी बीच मुखिया समर्थक के खेत से शत्रुघ्न भगत ट्रैक्टर लेकर जा रहा था। इसका मुखिया पक्ष के लोगों ने विरोध किया। दोनों ओर से बकझक हुई। इसी बीच मौके पर पहुंचे मुखिया ने अपने समर्थकों को पिटाई का आदेश दिया। मुखिया समर्थकों ने शत्रुघ्न भगत की पिटाई कर दी। दोनों के समर्थकों में झड़प भी हुई। इसके कुछ देर बाद चंदन और शत्रुध्न भगत अपने समर्थकों के साथ मुखिया के घर पहुंचे, जहां रोड़ेबाजी की। मुखिया रामपुकार ठाकुर ने आरोपितों पर फायरिग का आरोप लगाया है। हालांकि, थानाध्यक्ष रणवीर कुमार झा ने फायरिग की घटना से इन्कार किया है।

chat bot
आपका साथी