तरियानी में पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प, उग्र लोगों ने की पुलिस के साथ हाथापाई

शिवहर। वाहन तलाशी अभियान के दौरान एक युवक की पिटाई से नाराज लोगों का गुस्सा भड़क गया

By JagranEdited By: Publish:Tue, 13 Jul 2021 11:43 PM (IST) Updated:Tue, 13 Jul 2021 11:43 PM (IST)
तरियानी में पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प, उग्र लोगों ने की पुलिस के साथ हाथापाई
तरियानी में पुलिस-पब्लिक के बीच झड़प, उग्र लोगों ने की पुलिस के साथ हाथापाई

शिवहर। वाहन तलाशी अभियान के दौरान एक युवक की पिटाई से नाराज लोगों का गुस्सा भड़क गया। नाराज लोगों ने मंगलवार को शिवहर-तरियानी-मुजफ्फरपुर पथ के नरवारा के पास सड़क जाम कर उग्र प्रदर्शन किया। दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर लोगों ने घंटों सड़क जाम रखा। इस दौरान तरियानी थाना पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। सड़क जाम की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस को प्रदर्शनकारियों ने खदेड़ दिया। साथ ही हाथापाई भी की। पुलिस और पब्लिक के बीच ढड़प की सूचना पर एसडीपीओ संजय कुमार पांडेय के नेतृत्व में कई थानों की पुलिस बड़ी संख्या में सशस्त्र बल के साथ पहुंची। जहां उपद्रवी तत्वों ने पुलिस वाहन का हवा निकालने का प्रयास किया। पुलिस द्वारा प्रतिकार करने पर कई जवानों के साथ हाथापाई की गई। इस दौरान कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए। बाद में एसडीपीओ ने कार्रवाई का आश्वासन देकर लोगों को शांत किया। वहीं जाम समाप्त कराया। बताया गया हैं कि, पूर्वी चंपारण जिले के टानी ढाभ नरहा निवासी विनोद सहनी का पुत्र पप्पू कुमार सिवाईपट्टी स्थित बैंक से रुपये निकाल बाइक पर सवार होकर शिवहर की ओर लौट रहा था। शिवहर -मुजफ्फरपुर सीमा पर वाहन जांच कर रही तरियानी थाने की पुलिस की टीम ने उसे रोक जांच की। हेलमेट नहीं पहनने को लेकर पुलिस ने फटकार लगाई। वहीं कागजात नहीं दिखाने को लेकर उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी। जिससे उसके नाक से खून निकलने लगा। जख्मी अवस्था में पप्पू नरहा चौक पहुंचकर लोगों को इसकी जानकारी दी। इससे आक्रोशित लोगों ने नरहा चौक के सड़क को जाम कर प्रदर्शन करना शुरू किया। लोग दोषी पुलिस वालों के खिलाफ कार्रवाई की मांग पर अड़ गए। लोगों का कहना था कि, तरियानी थाना पुलिस वाहन तलाशी अभियान के नाम पर अवैध वसूली करती है। रात में ट्रेन से लौटने वाले लोगों द्वारा टिकट दिखाने के बावजूद जुर्माना वसूलती है। विरोध करने पर बेरहमी से पिटाई करती है। उधर,एसडीपीओ संजय कुमार पांडे ने बताया कि, उक्त युवक बगैर मास्क और हेलमेट के बाइक पर सवार होकर आ रहा था। रोके जाने पर वह पुलिस को देखकर भागने लगा। भागने के क्रम में वह गिर गया। जिससे वह जख्मी हो गया। इसके बाद युवक ने नरवारा पहुंचकर पुलिस की पिटाई में जख्मी होने का अफवाह फैला दिया। जिससे लोग उग्र होकर प्रदर्शन करने लगे। ताम समाप्त कराने नरवारा चौक पहुंची पुलिस के साथ हाथापाई की गई। वहीं पुलिस वाहन का हवा निकालने और सरकारी काम में बाधा डालने का प्रयास किया गया। हालांकि, पुलिस ने सूझबूझ के साथ स्थिति को नियंत्रण कर लिया। साथ ही आवागमन को बहाल कर दिया गया। बताया कि, कुछ असमाजिक तत्वों को चिन्हित किया गया है। उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

chat bot
आपका साथी