चकफतेहा में आग से दर्जनभर घर जले, लाखों की क्षति

शिवहर। पुरनहिया प्रखंड के बराही जगदीश पंचायत अंतर्गत चकफतेहा वार्ड एक की दलित बस्ती में

By JagranEdited By: Publish:Mon, 12 Apr 2021 12:32 AM (IST) Updated:Mon, 12 Apr 2021 12:32 AM (IST)
चकफतेहा में आग से दर्जनभर घर जले, लाखों की क्षति
चकफतेहा में आग से दर्जनभर घर जले, लाखों की क्षति

शिवहर। पुरनहिया प्रखंड के बराही जगदीश पंचायत अंतर्गत चकफतेहा वार्ड एक की दलित बस्ती में शनिवार की आधी रात अचानक लगी आग से दर्जनभर लोगों का घर समेत सर्वस्व जलकर राख में तब्दील हो गया। आग ने कहर बरपाते हुए दलितों को बेघर कर दिया। आग की चपेट में आने से गाय व बकरी समेत कई मवेशियों की भी जलकर मौत हो गई। अगलगी की इस घटना में चकफतेहा वार्ड एक निवासी रुपनारायण राम, जियालाल राम, जयनारायण राम, राजनारायण राम, शुभनारायण राम, शत्रुध्न राम, सुरेश राम, राजेश राम, राकेश राम, रवींद्र राम व सोमाई राम समेत दर्जनभर लोगों का अन्न, वस्त्र, आभूषण, नगदी, बर्तन, फर्नीचर और घर समेत लाखों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। बताया गया हैं कि, देर शाम तक गेहूं की दौनी के बाद खाना खाकर अधिकांश लोग गहरी नींद में सोये हुए थे। आधी रात रूपनारायण राम के घर से अचानक आग की लपटे उठी। जबतक लोग जगते आग की तेज लपटे पूरी बस्ती को अपनी आगोश में ले चुकी थी। अफरातफरी के बीच लोग अपने घर से कुछ सामान निकालने में कामयाब हुए। वहीं ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। लेकिन आग का कहर तेजी से फैल रहा था। लोगों ने पुलिस और अग्निशमन विभाग को सूचना दी। जिला अग्निशमन पदाधिकारी के निर्देश पर अग्निशमन विभाग की टीम मौके पर पहुंच घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। इस दौरान गाय-बकरी समेत कई मवेशी की मौत हो गई। घटना के बाद बेघर हुए लोगों की रात खुले आसमान के नीचे गुजरी है। मुखिया रामप्रवेश राम ने पीड़ित परिवारों से मिलकर सांत्वना दी। जबकि, बीडीओ आशीष कुमार ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। तत्काल पीड़ितों को तिरपाल उपलब्ध कराया गया है। इधर, ग्रामीणों द्वारा पीड़ितों के लिए गांव में किचेन बनाया गया। ललन साह, संजीव मंडल व मुकेश राम की देखरेख में सामुदायिक किचेन के जरिए पीड़ितों को भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है।

chat bot
आपका साथी