रिविलगंज में करंट से महिला की मौत, स्वजनों में कोहराम

रिविलगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-19 नयका बड़का बैजूटोला गांव में दरवाजे पर झाड़ू लगा रही महिला करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 07 Sep 2021 04:57 PM (IST) Updated:Tue, 07 Sep 2021 04:57 PM (IST)
रिविलगंज में करंट से महिला की मौत, स्वजनों में कोहराम
रिविलगंज में करंट से महिला की मौत, स्वजनों में कोहराम

संसू रिविलगंज: रिविलगंज नगर पंचायत क्षेत्र के वार्ड नंबर-19 नयका बड़का बैजूटोला गांव में मंगलवार की तड़के दरवाजे के पास सफाई कर रही त्रिलोकी सिंह की 42 वर्षीया पत्नी रीता देवी करंट की चपेट में आ गई। उसकी मौत मौके पर ही हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची रिविलगंज थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए छपरा सदर अस्पताल भेजवा दिया।

जानकारी के अनुसार त्रिलोकी सिंह के घर के समीप ही विद्युत पोल है। नंगा तार कम ऊंचाई पर होने के कारण रीता देवी सफाई करने के दौरान तार के संपर्क में आ गई। रीता देवी को एक पुत्र व पांच पुत्रियां हैं। घटना के बाद मृतक के स्वजनों का रो रो कर बुरा हाल हो रहा था। त्रिलोकी सिंह किसान हैं। -----------------

इसुआपुर में करंट लगने से बालक की गई जान

संसू, इसुआपुर : थाना क्षेत्र के चांदपुरा पूरब टोला गांव में मंगलवार की सुबह मनीष राय का छह वर्षीय इकलौता पुत्र आयुष करंट की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मंगलवार की सुबह आयुष शौच के लिए बाहर गया था। इसी बीच वह विद्युत पोल के संपर्क में आ गया। पोल में विद्युत प्रवाहित होने की वजह से बालक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। इससे गांव का माहौल गमगीन हो गया है। माता रिकू देवी तथा पिता मनीष का रो-रो के हाल बुरा है। गांव के मोहन साह, छविनाथ सिंह, बिस्वनाथ राय,राजेश प्रताप सिंह मुन्ना, अनवर हुसैन, पारस राय,उपेंद्र सिंह, अशोक सिंह आदि ने मृतक के परिजनों को सांत्वना दिया तथा ढांढ़स बंधाया। वाइपीएल संयोजक युवराज सुधीर सिंह ने भी गहरी संवेदना व्यक्त की।

chat bot
आपका साथी