रिविलगंज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद की बची कुर्सी

नगर पंचायत के मुख्य पार्षद अमिता यादव तथा उप मुख्य पार्षद सोनी देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव खारिज हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 18 Jun 2021 04:38 PM (IST) Updated:Fri, 18 Jun 2021 04:38 PM (IST)
रिविलगंज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद की बची कुर्सी
रिविलगंज नगर पंचायत के मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद की बची कुर्सी

संसू, रिविलगंज: नगर पंचायत के मुख्य पार्षद अमिता यादव तथा उप मुख्य पार्षद सोनी देवी के खिलाफ अविश्वास प्रस्ताव पर आयोजित विशेष बैठक 10 मतों के अंतर से खारिज हो गया। मुख्य पार्षद व उप मुख्य पार्षद की कुर्सी बच गई। इससे विरोधियों को बहुत बड़ा झटका लगा है। मतदान के दौरान 21 पार्षदों में 15 सदस्यों ने हिस्सा लिया। अविश्वास प्रस्ताव पक्ष में दो सदस्यों ने जबकि विरोध में 12 सदस्यों ने मतदान किया।

बैठक की कार्यवाही नगर पंचायत के वार्ड पार्षद मोहन मुरारी प्रसाद गुप्ता की अध्यक्षता में आयोजित की गई थी। मुख्य व उपमुख्य पार्षद के खिलाफ वार्ड पार्षद दीना चौधरी समेत आठ सदस्यों ने अविश्वास प्रस्ताव पेश किया था। इसमें दोनों के खिलाफ अविश्वास व्यक्त करते हुए उनके कार्यकलापों पर असंतोष व्यक्त किया गया। बैठक शुरू होते ही अविश्वास प्रस्ताव पर चर्चा की गई। आरोपों को जवाब देते हुए मुख्य पार्षद अमिता यादव ने कहा कि उनका कार्य पूरी तरह संतोषजनक रहा है। उन्होंने अपने कार्यकाल में अब तक के इतिहास में सबसे अधिक विकास कार्य किया हैं। मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत नल-जल, गली-नली निर्माण, आवास योजना के क्रियान्वयन, नगरिक सुविधा के विकास व विस्तार का कार्य उनके द्वारा कराया गया हैं। वहीं उप मुख्य पार्षद सोनी देवी ने कहा कि मेरा कार्य संतोषजनक हैं। मैंने अपने वार्ड समेत नगर पंचायत क्षेत्र में चौतरफा विकास किया है। राज्य सरकार व केंद्र सरकार द्वारा सभी योजनाओं को जनता तक पहुंचाने का कार्य किया है। लंबे समय के बहस के बाद मतदान का निर्णय लिया गया। उसमें अविश्वास प्रस्ताव के पक्ष में दो और विपक्ष में केवल 12 सदस्यों ने मतदान किया। इसके बाद अविश्वास प्रस्ताव को खारिज कर दिया गया। चार वर्षों के अंदर में दोनों के खिलाफ तीसरी बार अविश्वास प्रस्ताव लाया गया था। दोनों बार मुख्य पार्षद अमिता देवी व उप मुख्य पार्षद सोनी देवी अपनी कुर्सी बचाने में सफल रही हैं। मौके पर नगर पंचायत कार्यपालक पदाधिकारी रोशन कुमार रोशन, पार्षद फूल कुमारी देवी, रामेश्वर राय, उर्मिला देवी, मोहन मुरारी गुप्ता, कांति देवी, हेवंती देवी, नीतू देवी, मो. मिटू राइन, खुशबू कुमारी, रेणु देवी, प्रमोद प्रसाद, नजमा खातून, दिनेश राय, प्रतिनिधि किशोर सिंह उर्फ पप्पू ,अजय दास, ज्ञानेश मिश्रा उर्फ दीपक बाबा, राम बाबू राय आदि मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी