चौथी बार सांसद बने राजीव प्रताप रूडी

सारण लोकसभा सीट पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिकार्ड की बराबरी कर भाजपा के राजीव प्रताप रूडी चौथी बार सांसद बने हैं। इसके पहले लालू प्रसाद के नाम यहां से चार बार चुनाव जीतने का रिकार्ड था। इसके पहले कांग्रेस के राजशेखर सिंह यहां से तीन बार चुनाव जीत चुके थे। रूडी ने करीब 1 लाख 26 हजार मतों से शानदार जीत दर्ज की है।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 23 May 2019 06:49 PM (IST) Updated:Fri, 24 May 2019 06:24 AM (IST)
चौथी बार सांसद बने राजीव प्रताप रूडी
चौथी बार सांसद बने राजीव प्रताप रूडी

डॉ चंद्रभूषण शशि, छपरा : सारण लोकसभा सीट पर राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के रिकार्ड की बराबरी कर भाजपा के राजीव प्रताप रूडी चौथी बार सांसद बने हैं। इसके पहले लालू प्रसाद के नाम यहां से चार बार चुनाव जीतने का रिकार्ड था। इसके पहले कांग्रेस के राजशेखर सिंह यहां से तीन बार चुनाव जीत चुके थे। रूडी ने करीब 1 लाख 26 हजार मतों से शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने यहां लालू-राबड़ी के समधी एवं पूर्व मंत्री चंद्रिका राय को पराजित किया है। इसके पहले गत 2014 के लोकसभा चुनाव में रूडी ने पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी को हराया था। यह पहला मौका है जब रूडी ने लगातार दूसरी बार जीत दर्ज की है। इसके पहले उन्हें एक बार जीत तो दूसरी बार हार का सामना करना पड़ा था।

भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री राजीव प्रताप रूडी ने पहली बार वर्ष 1996 में छपरा सीट से लोकसभा का चुनाव लड़ा था और उन्हें जीत मिली थी। लेकिन इसके अगले ही वर्ष 1998 में यहां से राजद के हीरालाल राय चुनाव जीत गए। जबकि वर्ष 1999 के चुनाव में पुन: राजीव प्रताप रूडी चुनाव जीते और इस बार उन्होंने राजद के हीरालाल राय को पराजित कर दिया। वर्ष 99 में रूडी को कुल 3 लाख 90 हजार 477 वोट मिले थे जबकि हीरालाल राय को कुल 3 लाख 46 हजार 924। रूडी कुल 43 हजार 553 मतों से चुनाव जीते थे। लेकिन वर्ष 2004 के चुनाव में रूडी को फिर हार का सामना करना पड़ा था। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद से करीब 60 हजार 423 मतों से उन्हें शिकस्त झेलनी पड़ी। इस चुनाव में लालू को 2 लाख 28 हजार 882 वोट तथा रूडी को 1 लाख 68 हजार 459 वोट मिला था। वर्ष 2009 के चुनाव में लालू को 2 लाख 74 हजार 209 वोट और रूडी को 2 लाख 22 हजार 394 वोट मिला था। इस समय रूडी 51 हजार 815 वोट से चुनाव हारे थे। पुन: वर्ष 2014 में रूडी ने राबड़ी देवी को पराजित कर दिया। इस चुनाव में उन्हें कुल 3 लाख 55 हजार 120 वोट तथा राबड़ी देवी को 3 लाख 14 हजार 172 वोट मिला था। गत चुनाव को रूडी ने 40 हजार 948 वोट से जीता था।

सारण लोकसभा सीट के इतिहास में सबसे ज्यादा बार सांसद रहे लालू प्रसाद के बाद राजीव प्रताप रूडी दूसरे सांसद हैं, जिन्होंने यहां से चार बार जीत दर्ज की है। लालू प्रसाद वर्ष 1977, 1989, 2004 एवं 2009 में जीते थे, जबकि रूडी वर्ष 1996, 1999, 2014 एवं 2019 में जीत दर्ज की है। इसके अलावा यहां कोई दूसरे नेता नहीं रहे जिन्होंने इस सीट पर कभी दूसरी बार जीत हासिल कर सके। इस बार भाजपा के राजीव प्रताप रूडी ने लगातार दूसरी जीत दर्ज कर सबसे ज्यादा बार सांसद रहने के रिकार्ड का बराबरी भी कर लिया है। सारण में अब तक रहे सांसद-

1957- राजेंद्र सिंह - प्रजा सोशलिस्ट

1962- राज शेखर सिंह - कांग्रेस

1967- राज शेखर सिंह - कांग्रेस

1971- राज शेखर सिंह - कांग्रेस

1977- लालू प्रसाद - जनता पार्टी

1980- सत्यदेव सिंह - जनता पार्टी

1984 योगेश्वर प्रसाद योगेश- कांग्रेस

1985- राम बहादुर सिंह - जनता पार्टी

1989- लालू प्रसाद - जनता दल

1991- लाल बाबू राय - जनता दल

1996- राजीव प्रताप रूडी - भाजपा

1998- हीरा लाल राय - राजद

1999- राजीव प्रताप रूडी - भाजपा

2004- लालू प्रसाद - राजद

2009- लालू प्रसाद - राजद

2014- राजीव प्रताप रूडी - भाजपा

2019- राजीव प्रताप रूडी - भाजपा सारण में जीत-हार का रहा अंतर-

1999- राजीव प्रताप रूडी - 43 हजार 553

2004- लालू प्रसाद - 60 हजार 423

2009- लालू प्रसाद - 51 हजार 815

2014- राजीव प्रताप रूडी - 40 हजार 948

2019- राजीव प्रताप रूडी - 1 लाख 26 हजार

chat bot
आपका साथी