क्लास रूम में नही मैदान में खेलेंगे बच्चे

स्कूली बच्चों को फिट रहने की आदत विकसित करने के लिए फिटनेस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सरकारी एवं निजी स्कूलों में चलाया जाएगा।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Nov 2019 04:28 PM (IST) Updated:Mon, 18 Nov 2019 06:31 PM (IST)
क्लास रूम में नही मैदान में खेलेंगे बच्चे
क्लास रूम में नही मैदान में खेलेंगे बच्चे

जागरण संवाददाता, छपरा : स्कूली बच्चों को फिट रहने की आदत विकसित करने के लिए फिटनेस सप्ताह का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन सरकारी एवं निजी स्कूलों में चलाया जाएगा।

स्कूलों में इसकी शुरूआत सोमवार को की गई। इसके तहत एक सप्ताह तक विभिन्न गतिविधियां चलाई जाएंगी। बच्चों को टेलीविजन, कंप्यूटर और मोबाइल की जगह मैदान में समय बिताने के लिए प्रेरित किया जाएगा। छह दिनों तक चलने वाले इस सप्ताह के दौरान कार्यक्रम में बच्चों की शारीरिक और मानसिक फिटनेस पर जोर दिया जाएगा। इसमें योग, नृत्य, एरोबिक्स, बागवानी आदि को शामिल किया जाएगा।

बच्चों को बताया जाएगा कि फिट रहने के क्या फायदे हैं। स्कूलों में स्पो‌र्ट्स साइकोलॉजिस्ट बच्चों को फिट रहने के लिए प्रेरित करेंगे। इस संबंध में जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (समग्र शिक्षा अभियान) अमरेंद्र कुमार गौड़ ने सभी सरकारी स्कूलों के प्राधानाध्यापकों को फिट इंडिया वीक में विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के साथ-साथ योगा, प्राणायाम का अभ्यास कराने को कहा है। ग‌र्ल्स स्कूल के शारीरिक शिक्षक यशपाल सिंह एवं संन्यासी उच्च विद्यालय सम्हौता के शारीरिक शिक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि छात्रों को बताया जाएगा कि फिट रहने से पढ़ाई में क्या फायदा होगा। इनसेट :

किस दिन स्कूल में क्या होगी गतिविधि :

मैजिकल मंडे- सोमवार को खेलकूद प्रतियोगिताएं और तीन मिनट योग कार्यक्रम। स्टॉफ की शारीरिक क्षमता का भी आकलन होगा।

टेंपटिग ट्यूजडे- मंगलवार को खेल प्रशिक्षक की उपस्थिति में शिक्षकों और अभिभावकों से खेलकूद संबंधी दैनिक जीवन पर वार्तालाप। 30 मिनट का फिटनेस सत्र और चार मिनट योग कार्यक्रम।

विनर्स वेडनेसडे- बुधवार को स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच खेलकूद प्रतियोगिता और पांच मिनट योग कार्यक्रम।

थर्सडे टीम वर्क-गुरुवार को फिर खेलकूद प्रतियोगिता और छह मिनट का योग कार्यक्रम।

फ्राइडे फिटनेस क्विज- शुक्रवार को फिटनेस, खेलकूद, खेलो इंडिया विषय पर सभी के लिए प्रश्नोत्तरी और सात मिनट योग कार्यक्रम।

स्पोर्टियर सैटर्डे- शनिवार को विद्यार्थियों, शिक्षकों और अभिभावकों की उपस्थिति में रोचक कार्यक्रम होगा। आठ मिनट योग कार्यक्रम। अंत में प्रमाण पत्र बांटा जाएगा।

chat bot
आपका साथी