रोसड़ा शहर की दो-तिहाई आबादी आज भी नल जल से वंचित

समस्तीपुर। मुख्यमंत्री सात निश्चय में शामिल नल-जल योजना को अति महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन भले ही 90 से 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा कर रही हो।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 23 Jul 2021 11:50 PM (IST) Updated:Fri, 23 Jul 2021 11:50 PM (IST)
रोसड़ा शहर की दो-तिहाई आबादी आज भी नल जल से वंचित
रोसड़ा शहर की दो-तिहाई आबादी आज भी नल जल से वंचित

समस्तीपुर। मुख्यमंत्री सात निश्चय में शामिल नल-जल योजना को अति महत्वपूर्ण बताते हुए प्रशासन भले ही 90 से 95 प्रतिशत कार्य पूर्ण होने का दावा कर रही हो। लेकिन रोसड़ा नगर में योजना की वर्तमान स्थिति इन दावों को सीधे तौर पर झूठला रही है। नप प्रशासन की उदासीनता का यह आलम है कि आज भी दो तिहाई से अधिक लोग इस योजना से वंचित हैं और उन्हें शुद्ध पेयजल नसीब नहीं हो पा रहा है। विभागीय एवं प्रशासनिक पदाधिकारियों द्वारा लगातार योजनाओं को पूर्ण करने संबंधित जारी निर्देशों के बीच कई बार शत प्रतिशत कार्य पूरा करने का समय भी निर्धारित किया गया। लेकिन रोसड़ा नगर पंचायत के अधिकारी व संबंधित कर्मियों पर इसका कोई असर नहीं दिखा। स्पष्ट है कि सरकारी निर्देशों का अनुपालन करने को भी नप प्रशासन कहीं से भी बाध्य नजर नहीं आता है। इसका प्रत्यक्ष उदाहरण नगर के कुल 18 वार्डों में से छह वार्डों में ही अब तक नल से जल निकल पा रहा है। इसमें भी एक वार्ड में महज एक चौथाई घरों तक ही इस योजना का पाइप पहुंच सका है। इसके अलावा कहीं भूमि उपलब्ध नहीं, तो कहीं एनओसी का अभाव के करण योजना का कार्य प्रारंभ नहीं होना बताया जा रहा है। प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड संख्या 03,09,13,17 एवं 18 के सभी घरों को नल जल योजना से पानी मुहैया कराया जा रहा है। वही वार्ड संख्या 14 के करीब 25 प्रतिशत लोगों को ही इस योजना का लाभ मिल पा रहा है। जबकि वार्ड संख्या 01,02,08,10,11,12 एवं 15 में योजना का कार्य जारी रहना बताया जा रहा है। तथा 05 एवं 07 वार्ड में टेंडर की प्रक्रिया जारी रहने और वार्ड नंबर 04 एवं 16 में एनओसी की समस्या का समाधान नहीं होने के कारण कार्य प्रारंभ नहीं होने की जानकारी मिली है। और तो और वार्ड संख्या 04 में अब तक इस महत्वपूर्ण योजना की प्रक्रिया भी प्रारंभ नहीं हो सकी है। कार्यालय सूत्रों की माने तो अब तक उक्त वार्ड में योजना के लिए भूमि तक का चयन या सत्यापन नहीं हो सका है। गुणवत्ता पर उठ रहा सवाल एक ओर यहां नल जल योजना का कार्य कच्छप गति से चल रहा है। वहीं, अब तक किए गए कार्यों की गुणवत्ता पर भी लोग निरंतर सवाल उठा रहे है। कहीं जमीन की खुदाई निर्धारित मापदंड पर नहीं करना, कही पाइप फटने तो कहीं नल नहीं लगने के साथ अभी से ही मोटर में खराबी आने की भी शिकायत प्राप्त हुई है। शहरवासियों की माने तो पाइप की गुणवत्ता में कमी रहने के कारण अधिकतर वार्डों में यह क्षतिग्रस्त हो गया है। जिससे एक ओर पानी की बर्बादी और जलजमाव की समस्या उत्पन्न हो रही है वही संबंधित परिवार को समुचित व शुद्ध पानी नहीं मिल पा रहा है। लोगों की माने तो कार्य में उदासीनता तथा गुणवत्ता में मनमानी के कारण इस योजना को यहां अपने उद्देश्य में सफलता मिलना संभव नहीं दिख रहा है। वर्जन

मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना से संबंधित कार्य को जल्द से जल्द पूरा कराने का निर्देश कार्यपालक पदाधिकारी को लगातार दिया जा रहा है। बोर्ड की बैठक मे भी इससे संबंधित प्रस्ताव पारित किया जा चुका है। बावजूद कार्य पूर्ण नहीं होना निश्चित रूप से दुखद है। गुणवत्ता में गड़बड़ी की शिकायत पर जांचोपरांत कार्रवाई का प्रस्ताव भेजा जाएगा।

श्याम बाबू सिंह

मुख्य पार्षद, नप रोसड़ा

chat bot
आपका साथी