शादी में दौलतपुर आया युवक जिदा जला

कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुक्तापुर पंचायत स्थित दौलतपुर गांव के वार्ड-19 में शनिवार की रात शंभू राम के घर में आग लग गई।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 01 Dec 2019 11:29 PM (IST) Updated:Sun, 01 Dec 2019 11:29 PM (IST)
शादी में दौलतपुर आया युवक जिदा जला
शादी में दौलतपुर आया युवक जिदा जला

समस्तीपुर। कल्याणपुर थाना क्षेत्र की मुक्तापुर पंचायत स्थित दौलतपुर गांव के वार्ड-19 में शनिवार की रात शंभू राम के घर में आग लग गई। इसमें एक युवक की झुलसकर मौत हो गई। साथ ही, घर के सारे सामान जलकर राख हो गए। मृतक की पहचान शंभू के साढ़ू रंजीत राम के रूप में हुई है। वे पूसा थाना क्षेत्र के गढि़या बिरौली के रहनेवाले थे। घटना के बाद घर में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।

मुक्तापुर पंचायत के दौलतपुर गांव निवासी शंभू राम की पुत्री गूंजा की 28 नवंबर की शादी थी। उसमें उनके साढू रंजीत राम भी सपरिवार आए थे। उनकी पत्नी सोनी देवी व 10 वर्षीय पुत्र अमन कुमार भी यहीं थे। शादी-ब्याह संपन्न होने के बाद रंजीत सपरिवार दिल्ली जानेवाले थे। यहां से समस्तीपुर जंक्शन नजदीक रहने के कारण ठहर गए थे। शनिवार की रात परिवार के सभी लोग खाना खाने के बाद सोने चले गए। देर रात अचानक घर में आग लग गई। इसमें घर के सारे सामान जलकर राख हो गए। इस अगलगी में शंभू का साढ़ू राजकुमार राम के 33 वर्षीय रंजीत राम बुरी तरह झुलस गए। कुछ देर बाद उनकी मौत हो गई। घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई।

-----------------

आग लगने का नहीं चला पता

आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। भागीरथपुर के पैक्स अध्यक्ष भोला राय ने घटना की सूचना थानाध्यक्ष ब्रज किशोर सिंह को दी। एसआइ आफताब आलम व टूनानंद सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। अंचलाधिकारी अभय पद दास ने बताया कि पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता मुहैया कराई जाएगी।बताया जाता है कि रंजीत सपरिवार दिल्ली में रहकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। शादी में शामिल होने के लिए ही दिल्ली से आए थे। घटना के बाद मृतक की मां चंपा देवी, पत्नी सोनी देवी सहित परिवार के अन्य सदस्यों का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी वाले घर में मातम का माहौल है।

chat bot
आपका साथी