अब दही-चूड़ा, लिट्टी-चोखा और चिकन का स्वाद लेंगे रेल यात्री

समस्तीपुर में रेलवे का चर्चित जनता खाना अब सिर्फ रेलवे के मेन्यू तक ही नहीं रहेगा। अब इसमें आइआरसीटीसी नई पहल कर रही है। जानिए..

By Edited By: Publish:Tue, 21 May 2019 11:06 PM (IST) Updated:Sat, 25 May 2019 08:10 PM (IST)
अब दही-चूड़ा, लिट्टी-चोखा और चिकन का स्वाद लेंगे रेल यात्री
अब दही-चूड़ा, लिट्टी-चोखा और चिकन का स्वाद लेंगे रेल यात्री

समस्तीपुर, जेएनएन। रेलवे की चर्चित जनता खाना अब सिर्फ रेलवे के मेन्यू तक ही रहने के कारण आइआरसीटीसी नई पहल कर रही है। जनता खाना के बदले अब यात्रियों को दही-चूड़ा, लिट्टी-चिकन, लिट्टी-चोखा और चावल-दाल और भी खिलाए जाएंगे। आने वाले दिनों में उत्तर बिहार के स्टेशनों और परिचालित होने वाली ट्रेनों में इसकी शुरुआत होगी।

आइआरसीटीसी की ओर से इसको लेकर रणनीति तैयार की गई है। स्थानीय स्तर पर मेनू तैयार करने के लिए कमेटी भी बनाई गई है। इसमें हाजीपुर स्थित इंस्टीच्यूट ऑफ होटल मैनेजमेंट से भी मदद ली जा रही है। रेल यात्रियों को बेहतर सुविधा देने की पहल की जा रही है ताकि गुणवत्तापूर्ण खाद्य व पेय पदार्थ की सुविधा दी जाएगी। साथ ही रेलवे के साथ बैठकर राशि का भी निर्धारण किया जाएगा।

रेलवे के मेन्यू तक सिमटा जनता खाना रेलवे का चर्चित जनता खाना अब सिर्फ रेलवे के मेन्यू में रह गया है। स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों को जनता खाना नहीं मिल रहा है। फास्ट फूड यूनिट, भोजनालय और फूड प्लाजा में आइआरसीटीसी के मेन्यू तक में जनता खाना के दर और सामग्री दर्ज किए गए हैं। इसके बावजूद यात्रियों को यह उपलब्ध नहीं हो रहा है।

विदित हो कि रेल प्रशासन ने गरीबों की जरूरतों को देखते हुए जनता खाना की व्यवस्था स्टेशन और पेंट्रीकार वाली ट्रेनों में कर रखी है। भोजन की इस थाली के लिए स्टेशन पर 15 और ट्रेन में 20 रुपये के रेट तय हैं। इसमें छह पूड़ी, आलू की सब्जी के अलावा अचार होता है। लेकिन गरीब यात्रियों के लिए शुरू किया गया यह भोजन इन दिनों समस्तीपुर रेल मंडल के सभी स्टेशनों पर स्थित भोजनालय से नदारद है।

इसके बदले न्यूनतम 35 रुपये में भोजन वाली थाली यात्रियों को खरीदनी पड़ती है। जंक्शन पर खुलेगा फूड प्लाजा यात्रियों को बेहतर सुविधाएं देने के लिए रेलवे निरंतर कार्य कर रहा है। इसी क्रम में आइआरसीटीसी ने समस्तीपुर जंक्शन पर जल्द ही अन्य बड़े स्टेशनों की तरह फूड प्लाजा खोलने की तैयारी कर रही है। फूड प्लाजा में यात्रियों को विभिन्न प्रकार के लजीज व्यंजन मिलेंगे।

फूड प्लाजा खुलने के बाद स्टेशन पर यात्रियों को खाना, चाय, कॉफी, स्नेक्स और फास्ट फूड के लिए नहीं भटकना पड़ेगा। उन्हें एक ही छत के नीचे ये सभी सुविधाएं उपलब्ध होंगी। रेलवे अधिकारियों ने फूड प्लाजा खोलने की पूरी तैयारी कर ली है। फूड प्लाजा की निविदा की प्रक्रिया चल रही है। फूड प्लाजा बनने से लंबे दूरी तक जाने वाली रेलगाड़ियों में यात्रा करने वाले यात्रियों को उत्तम गुणवत्ता वाला भोजन मिल सकेगा।

रेलवे स्टेशन पर प्रतिदिन हजारों यात्री आते हैं। यात्रियों को अच्छी गुणवत्ता का खाना नहीं मिल पा रहा है। रेल प्रशासन ने इस समस्या का समाधान करने के लिए स्टेशन पर फूड प्लाजा खोलने का निर्णय लिया। शिकायत करते ही यात्री की समस्या का होगा समाधान ट्रेन में यात्रा करने के लिए खाद्य व पेय पदार्थ में किसी भी तरह की समस्या होने पर यात्रियों को हेल्पालाइन या ट्विटर से शिकायत दर्ज कराई जाती है।

पहले यात्रियों की शिकायत पर पेंट्रीकार संचालित करने वाले एजेंसी से जुर्माना वसूल की जाती थी। जबकि इससे यात्री को किसी तरह की सुविधा नहीं मिल पाती थी। इसको लेकर आइआरसीटीसी की ओर से ट्रेनों में ऑन बोर्ड स्टाफ की तैनाती की गई है। यात्री की शिकायत पर कर्मी तत्काल मौके पर पहुंच कर उनकी समस्या का समाधान करेंगे।

कहा- आइआरसीटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक ने

रेलवे की पहली बार स्थानीय स्तर के मेन्यू के आधार पर यात्रियों को खाना का पैकेट उपलब्ध कराया जाएगा। जनता खाना की सुविधा यात्री को नहीं मिलने पर इस ओर ध्यान दिया जा रहा है। यात्री को दही-चूरा, लिट्टी-चिकन, लिट्टी-चोखा और चावल-दाल व सब्जी दी जाएगी। यात्री भरपेट भोजन कर सके इसके लिए वजन पर भी ध्यान दिया जाएगा। इस सुविधा की शुरुआत को लेकर वार्ता चल रही है।

राजेश कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक, आइआरसीटीसी।

लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप

chat bot
आपका साथी