नून नदी ने छीन लिया लोगों का सुख-चैन

बांध विहीन नून नदी के पानी ने लोगों का सुख चैन छीन लिया है। मोरवा प्रखंड की चकपहाड़ पंचायत के विभिन्न वार्डों के लोगों के घर और आंगन में नून नदी का पानी आ जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 10 Aug 2020 12:45 AM (IST) Updated:Mon, 10 Aug 2020 12:45 AM (IST)
नून नदी ने छीन लिया लोगों का सुख-चैन
नून नदी ने छीन लिया लोगों का सुख-चैन

समस्तीपुर । बांध विहीन नून नदी के पानी ने लोगों का सुख चैन छीन लिया है। मोरवा प्रखंड की चकपहाड़ पंचायत के विभिन्न वार्डों के लोगों के घर और आंगन में नून नदी का पानी आ जाने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सांप-बिच्छू आदि के आने से लोग भयभीत हैं। फलस्वरुप भयभीत बाढ़ पीड़ितों की रातें आंखों में ही कट रही है। बाढ़ पीड़ित अपना घर छोड़कर अन्यत्र ऊंचे स्थानों पर पलायन कर चुके हैं। नून नदी की तेज धार से चकपहाड़ पंचायत के वार्ड संख्या दो के कमतौल गांव निवासी कुंदन झा का घर गिर जाने से काफी नुकसान हुआ है। वहीं चकसिकंदर पंचायत के वार्ड संख्या 4,5 और 6 में लोगो के घरों में पानी प्रवेश कर जाने से अफरा-तफरी मची हुई है। दलित बस्ती के लोगों को विस्थापित होने की नौबत आ गई है। स्थानीय लोगों द्वारा प्रशासनिक सहायता से मिट्टी भरी बोरी से बांध को बांधने का प्रयास विफल हो चुका है। पूर्व विधायक रामचंद्र सिंह निषाद के अनुसार गुनाई बसही के मौरा गांव में भी दलित बस्ती के घरों में पानी प्रवेश कर चुका है। विधायक विद्यासागर सिंह निषाद ने बाढ़ पीड़ितों को उपलब्ध कराई गई राहत व्यवस्था को नाकाफी बताया है। उन्होंने जिलाधिकारी से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्र के पीड़ितों को अविलंब सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। जिलाधिकारी के आदेश पर सदर अनुमंडल पदाधिकारी अशोक कुमार, बीडीओ अजय कुमार दास, सीओ प्रीति लता एवं ताजपुर थानाध्यक्ष शंभूनाथ सिंह पुलिस बलों के साथ बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा किया। अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने का भरोसा भी दिया है। मौके पर पंचायत के प्रवीण कुमार राय, जदयू किसान प्रकोष्ठ के प्रखंड अध्यक्ष जगत नारायण राय समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी