बिहार में बन चुका है औद्योगिक वातावरण : शाहनवाज

समस्तीपुर। सूबे के उद्योग मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में अब औद्योगिकरण का वातावरण बन चुका है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 25 Jul 2021 11:08 PM (IST) Updated:Sun, 25 Jul 2021 11:08 PM (IST)
बिहार में बन चुका है औद्योगिक वातावरण : शाहनवाज
बिहार में बन चुका है औद्योगिक वातावरण : शाहनवाज

समस्तीपुर। सूबे के उद्योग मंत्री सह भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सैयद शाहनवाज हुसैन ने कहा कि बिहार में अब औद्योगिकरण का वातावरण बन चुका है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में बिहार अब आगे की ओर तेजी से बढ रहा है। पिछले छह-सात महीने में ही बिहार में 34 हजार करोड़ से ज्यादा का पूंजी निवेश हुआ है। वे रविवार को भाजपा जिला कार्यालय में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे। मंत्री ने कहा कि देश के बड़े-बड़े उद्योगपतियों की पहली पसंद बिहार बन चुका है। यही वजह है कि कोरोना काल में भी बिहार में देश के अन्य राज्यों से कहीं ज्यादा पूंजी निवेश हुआ। हमारी सरकार का कमिटमेंट उद्योग और रोजगार को लेकर है। उन्होंने कहा कि इथेनॉल उत्पादन को लेकर 30 हजार करोड़ से अधिक का प्रस्ताव अब तक आ चुका हैं। बिहार सरकार टेक्सटाइल पॉलिसी पर काम कर रही है। हमने कई राज्यों का दौरा भी इसको लेकर किया है। आने वाले समय में बिहार में टेक्सटाइल उद्योग लगेंगे। उन्होंने कहा कि समस्तीपुर में भी उद्योग धंधे स्थापित किए जाएंगे। इसको लेकर जमीन अधिग्रहण करने के लिए कहा गया है। मंत्री ने एक सवाल के जबाव में यह भी कहा कि जिन लोगों ने उद्योग लगाने के लिए बियाडा से जमीन ले रखी है और अब तक उद्योग नहीं लगाए हैं, उन्हें जमीन छोड़नी होगी। देश में बढ रही महंगाई पर पूछे गए एक सवाल के जबाव में मंत्री ने कहा कि महंगाई बढी है तो कम भी होगी। कोरोना के कारण उद्योग धंधे, कल-कारखाने, होटल, पर्यटन आदि बंद रहे। जब कोरोना का प्रकोप हुआ उस समय एक मास्क तक भारत में नहीं था। लेकिन पीएम नरेन्द्र मोदी की सरकार ने मास्क, पीपीई किट से लेकर अन्य जरूरी चीजों का उत्पादन देश में शुरू कराया। इतने कम समय में भारत को इन चीजों के मामले में आत्मनिर्भर बनाने के कारण आज पूरी दुनिया भारत का लोहा मान रही है।

कोरोना काल में हमने आम लोगों को ऑक्सीजन पहुंचाने में कोई कसर नहीं छोड़ी। मंत्री ने यह भी कहा कि बिहार सरकार पूरे पांच साल अपना कार्यकाल पूरा करेगी। मौके पर प्रदेश उपाध्यक्ष सह पूर्व सांसद ओम प्रकाश यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष उपेन्द्र कुमार कुशवाहा, निवर्तमान भाजपा जिलाध्यक्ष राम सुमरन सिंह, वरिष्ठ भाजपा नेता मनोज गुप्ता, पूर्व विधायक प्रो. शील कुमार राय, विमला सिंह, शशिकांत आनंद, मणि प्रसाद सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी