जलजमाव से गिर रहीं घरों की दीवारें
समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड के मुरियारो अंगारघाट डिहुली सुपौल चैता बिरनामा सहित विभि
समस्तीपुर। उजियारपुर प्रखंड के मुरियारो, अंगारघाट, डिहुली, सुपौल, चैता, बिरनामा सहित विभिन्न गांवों में जलजमाव से लोग परेशान हैं। लगातार हो रही बारिश और जलजमाव से पुराने और कच्चे मकानों के दीवार गिरने लगे है। बताया जाता है कि मुरियारो वार्ड 14 निवासी उमेश मिश्र के घर का दीवार गिरने से बहुत सारा घरेलू सामान बर्बाद हो गया। डिहुली गांव में तीन दिन पूर्व रामविनय राय की चहारदीवारी जलजमाव की वजह से गिर गया था जिसमें दबकर एक बच्चे की मौत हो गई थी, जबिकि उसका पिता जख्मी हो गया था। अंगार वार्ड 3 तथा 4 में मुख्य सड़क से लेकर गलियों तक में जलजमाव की स्थिति बनी हुई है। इसी तरह चैता दक्षिणी वार्ड 7, 8 तथा 10 के लोगों को जलजमाव की समस्या से परेशानी बनी हुई है। सुपौल गांव के झाजी टोला में रेवाड़ी ढाला से चैता जानेवाली पथ में जलजमाव से लोगों को वहां से आवागमन में भी दिक्कतें हो रही है। जबकि गांव के निचले हिस्से पहली बरसात में ही पूरी तरह जलमग्न हो चुके हैं। गांवों में जलजमाव से निपटने के लिए सरकारी स्तर पर किसी प्रकार का प्रयास नहीं किया जा रहा है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी इस ओर कुछ उपाय नहीं करते, जिससे यह परेशानी बनी हुई है। रोसड़ा के 500 एकड़ कृषि भूमि को जलजमाव से मुक्त कराने की मांग रोसड़ा। प्रखंड के जहांगीरपुर उत्तर पंचायत के उप मुखिया नवनीश कुमार झा एवं अन्य ग्रामीणों ने कृषि योग्य 500 एकड़ भूमि को जलजमाव से मुक्त कराने की मांग प्रशासन से की है। अंचलाधिकारी को लिखे पत्र में जलजमाव के कारण कृषि कार्य बाधित रहना और भविष्य में भी आगे की फसल की बुआई नही होना बताया है। ग्रामीणों ने जल निकासी के लिए बने पुल पुलिया पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर उसे मिट्टी से बंद करने के कारण जल निकासी व्यवस्था ध्वस्त होना बताया है। उसके कारण जलजमाव की समस्या उत्पन्न होने की बात कही है। जलजमाव से करीब 50 परिवार को प्रभावित होने की बात बताते हुए इन परिवार के सदस्यों को घर से बाहर निकलना मुश्किल और जनजीवन अस्त व्यस्त होने की जानकारी दी है। उप मुखिया ने विभागीय स्तर पर जांचोपरांत जल निकासी की समुचित व्यवस्था करने की मांग सीओ से की है।