किसानों की समृद्धि के लिए सरकार संकल्पित : जगन्नाथ ठाकुर

समस्तीपुर। केंद्र सरकार की कृषि नीति को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान की शुरुआत समस्तीपुर ि

By JagranEdited By: Publish:Wed, 16 Jun 2021 10:52 PM (IST) Updated:Wed, 16 Jun 2021 10:52 PM (IST)
किसानों की समृद्धि के लिए सरकार संकल्पित : जगन्नाथ ठाकुर
किसानों की समृद्धि के लिए सरकार संकल्पित : जगन्नाथ ठाकुर

समस्तीपुर। केंद्र सरकार की कृषि नीति को जन-जन तक पहुंचाने के अभियान की शुरुआत समस्तीपुर जिले के पटोरी से बुधवार को की गई। भाजपा किसान मोर्चा के द्वारा ग्रामीण क्षेत्र के अनुमंडल मुख्यालय में यह कार्यक्रम आयोजित की जानी है। इस कार्यक्रम का आगाज करते हुए भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष जगन्नाथ ठाकुर ने कहा कि सरकार की नई कृषि नीति किसानों की खुशहाली और समृद्धि में अपनी मुख्य भूमिका निभानी शुरू कर चुकी है। देश के सभी राज्यों में किसानों को योजनाओं का लाभ बड़े पैमाने पर मिलना शुरू हो गया है। भाजपा के राष्ट्रीय परिषद सदस्य राम भवन चौधरी के आवासीय परिसर में आयोजित एक प्रेस वार्ता के दौरान राष्ट्रीय उपाध्यक्ष ने कहा कि सरकार की नई कृषि नीति की जानकारी अब आम लोगों तक पहुंचाकर किसानों को उसका अधिक से अधिक लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि नई एमएसपी के द्वारा सरकार किसानों को उनकी पैदावार की अधिक कीमत दिलाने के लिए कृत संकल्पित है। उन्होंने कहा कि सरकार किसानों के प्रति समर्पित होकर कार्य कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि खाद कंपनी के द्वारा उर्वरक की कीमतों को बढ़ाने के फैसले पर सरकार ने अंकुश लगाया है और 140 प्रतिशत सब्सिडी देकर उर्वरक की कीमत को बढ़ने से रोका है। उन्होंने कहा कि देश के 28 राज्यों और 8 केंद्र शासित प्रदेशों में सिर्फ तीन राज्य ही ऐसे हैं जहां कृषि नीति का अपने स्वार्थ के लिए विरोध किया जा रहा है। यह विरोध सिर्फ मंडी टैक्स लेने वाले बिचौलियों के द्वारा किया जा रहा है। अन्य राज्यों में किसानों को इसका भरपूर लाभ मिल रहा है। सरकार का मुख्य लक्ष्य है कि किसान को सीधे-सीधे फसल का लाभ मिल सके न कि बिचौलिए के पॉकेट में उनकी कमाई चली जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने बिहार की लीची, मिथिलांचल के मखाना और भागलपुर के जर्दालू आम को मेन ब्रांड बना दिया है, जिसका लाभ किसानों को मिलने लगेगा। किसानों के ये सभी उत्पाद विदेश में भेजे जा रहे हैं। साथ ही मछली और दुग्ध उत्पादन के क्षेत्र में भारत काफी अधिक विकास कर चुका है और यह विश्व के विकसित देशों से आगे निकल गया है। भाजपा किसान मोर्चा देश के 787 केंद्रों पर हेल्प डेस्क लगाकर ऑक्सीजन, मास्क, सैनिटाइजर रक्तदान जैसे कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। उन्होंने प्रधानमंत्री की तारीफ करते हुए कहा कि इस महामारी की स्थिति में सरकार के द्वारा उठाए गए कदम काफी अधिक सराहनीय है। टीकाकरण के लिए सरकार ने कई नई योजनाएं बनाई है तथा प्रदेश में ऑक्सीजन की स्थिति से निबटने के लिए पूरी तरह सक्षम है। इस अवसर पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष अजय कुमार चौधरी, मोर्चा के प्रदेश सचिव प्रोफेसर अमरेंद्र सिंह, मनोरंजन मोदीन, प्रो. राम नरेश चंद्र सिंह, राम भवन चौधरी, मुकेश ठाकुर, राजीव कुमार मिश्रा, भोला भारतीय, डॉ. मनोज ठाकुर, शरदेंदु शरद, रामचंद्र चौधरी, कौशल किशोर मिश्र, धर्मेंद्र कुमार सहित काफी संख्या में लोग मौजूद थे।

chat bot
आपका साथी