मानसून की पहली बारिश ने दिखाई झलक, निचले इलाकों में जलभराव

समस्तीपुर। मानसून की पहली बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। देर रात से

By JagranEdited By: Publish:Tue, 15 Jun 2021 11:17 PM (IST) Updated:Tue, 15 Jun 2021 11:17 PM (IST)
मानसून की पहली बारिश ने दिखाई झलक, निचले इलाकों में जलभराव
मानसून की पहली बारिश ने दिखाई झलक, निचले इलाकों में जलभराव

समस्तीपुर। मानसून की पहली बारिश ने ही नगर निगम की तैयारियों की पोल खोल दी है। देर रात से सुबह तक हुई मूसलाधार बारिश के चलते शहर के कई वार्डों में जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों पर जलजमाव के कारण लोगों को चलने में कठिनाई हो रही है। सोमवार की शाम अचानक मौसम का मिजाज बदल गया। आंधी पानी के साथ कई घंटों तक लगातार मूसलाधार बारिश हुई। मंगलवार को भी मौसम का मिजाज बदला रहा। अल सुबह ही आसमान में बादलों ने डेरा जमा लिया। दो घंटे तक मूसलाधार बारिश हुई। मानसून के साथ मौसम के मिजाज बदलने से जहां एक ओर लोगों को गर्मी व उमस से राहत मिली है। वहीं दूसरी ओर शहर में जगह जगह जलभराव की समस्या उत्पन्न हो गई है। कई घरों में बरसात का पानी घुस गया। शहर के आजाद चौक स्थित बीएड कालेज का पूरा परिसर झील में तब्दील है। वहीं काशीपुर मोहल्ला के ग‌र्ल्स हाई स्कूल रोड, पटेल मैदान के पीछे कचहरी रोड, ठाकुरबाड़ी गली, बारह पत्थर मोहल्ला, पुरानी पोस्ट आफिस, थानेश्वर मंदिर के निकट ताजपुर रोड, मोहनपुर रोड में सड़कों पर जलजमाव की स्थिति है। मानसून की पहली बारिश ने दिखाई आगे की झलक

करोड़ों रुपये नाले और नालियों की सफाई पर खर्च हो चुके हैं। नगर परिषद के अधिकारियों का दावा था कि बारिश में जलभराव की स्थिति पैदा नहीं होगी। इसके लिए पूर्व से ही तैयारियों की जा रही थी। नाला निर्माण के साथ नालों की उड़ाही भी कराई गई। लेकिन मानसून की पहली बारिश में ही दावों की परीक्षा हो गई। कोई भी ऐसा क्षेत्र नहीं बचा जहां जलभराव नहीं हुआ हो। इससे आने वाले दिनों में फिर समस्या उत्पन्न हो सकती है। आंधी पानी से चरमराई विद्युत व्यवस्था

आंधी पानी ने जलभराव से ही परेशान नहीं किया है। बल्कि बिजली से भी परेशान कराया। कई मोहल्लों में एक घंटे से अधिक समय तक बिजली गुल रही। हलांकि बिजली कर्मियों ने व्यवस्था दुरुस्त करने में मशक्कत की। तकनीकी खामियों को दुरुस्त करते हुए बिजली आपूर्ति सुचारु कर दी गई। किसानों के मुरझाए चेहरे पर लौटी रंगत

ग्रामीण क्षेत्रों में बारिश ने किसानों के मुरझाए चेहरे पर रंगत लौटा दी। एक ओर मौसम ने लोगों को मुग्ध कर दिया तो दूसरी ओर शहर की स्थिति उनके लिए सिरदर्द बन गई। सोमवार शाम में ही आसमान में काली घटाएं मंडराने लगी थी। देर रात से मंगलवार सुबह तक रुक रुक मुसलाधार बारिश हुई। मौसम विभाग ने इस वर्ष अच्छी बारिश का संकेत दिया है। इसके चलते किसानों को अच्छी पैदावार की उम्मीद है। कई घंटों तक लगातार मूसलाधार बारिश के चलते नदियों का जलस्तर भी बढ़ने लगा है।

chat bot
आपका साथी