माकपा जिला कार्यालय पर हमला, विधायक के बॉडीगार्ड जख्मी

समस्तीपुर। शहर के मालगोदाम स्थित माकपा कार्यालय पर शनिवार रात बदमाशों ने ईंट पत्थर से हम

By JagranEdited By: Publish:Sun, 30 May 2021 11:04 PM (IST) Updated:Sun, 30 May 2021 11:04 PM (IST)
माकपा जिला कार्यालय पर हमला, विधायक के बॉडीगार्ड जख्मी
माकपा जिला कार्यालय पर हमला, विधायक के बॉडीगार्ड जख्मी

समस्तीपुर। शहर के मालगोदाम स्थित माकपा कार्यालय पर शनिवार रात बदमाशों ने ईंट पत्थर से हमला कर दिया। चारपहिया वाहन से आए एक दर्जन से अधिक बदमाशों ने कार्यालय के मेन गेट को तोड़ दिया और अंदर घुस आए। एक निजी चारपहिया वाहन को क्षतिग्रस्त कर दिया। हमलावरों को रोकने के क्रम में विधायक के अंगरक्षक अनिल राम गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर दलबल के साथ पहुंची नगर थाने की पुलिस मामले की छानबीन में जुटी गई।

जानकारी के अनुसार, शनिवार रात 10 बजे चारपहिया वाहन और बाइक से आए करीब दर्जन भर बदमाशों ने मालगोदाम स्थित माकपा कार्यालय पर अचानक हमला कर दिया। कार्यालय के मेन गेट को तोड़कर अंदर प्रवेश कर गए। जिस वक्त यह घटना हुई, माकपा नेता सह विभूतिपुर के विधायक अजय कुमार, अंगरक्षक और कुछ कार्यकर्ता कार्यालय में विश्राम कर रहे थे। अचानक शोर शराबे की आवाज सुनकर अंगरक्षक अनिल राम और त्रिलोकी कुमार ने मोर्चा संभाना। इस दौरान बदमाशों ने अनिल राम से सर्विस रिवाल्वर छीनने का प्रयास किया। विरोध करने पर उन्हें घायल कर दिया। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पूर्व से ही सभी बदमाश भाग निकले। स्थानीय लोगों के सहयोग से जख्मी अनिल कुमार का उपचार कराया गया। विधायक अजय कुमार ने बताया कि पिछले दो मई को भी उजियारपुर में बदमाशों ने हमले का प्रयास किया था। इसमें वे बाल-बाल बच गए। लगातार हो रहे हमले को लेकर चिता व्यक्त की। अबतक घटना का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल से एक बाइक बरामद की है। दो संदिग्ध को हिरासत में लिया है। नगर थाना के सब इंस्पेक्टर सुनील कुमार ने बताया कि हमलावरों की पहचान की जा रही है। आवेदन मिलते ही अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी। आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने निकाला प्रतिरोध मार्च

विधायक पर हमले के खिलाफ आक्रोशित कार्यकर्ताओं ने रविवार को शहर में प्रतिरोध मार्च निकाला। हाथों में तख्तियां लेकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वे सभी पुलिस प्रशासन से हमलावरों को अविलंब गिरफ्तार करने और विधायक की समुचित सुरक्षा की मांग कर रहे थे। मार्च जिला कार्यालय से निकलकर मुख्य मार्ग से ओवरब्रिज गोलंबर होते हुए स्टेडियम चौराहा पहुंची। यहां विधायक व उनके समर्थकों ने बीच सड़क पर धरना करते हुए करीब घंटे तक मुख्य मार्ग को जाम रखा। धरनास्थल पर मनोज कुमार गुप्ता की अध्यक्षता में एक सभा हुई। सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कानून व्यवस्था को लेकर राज्य सरकार की आलोचना की। राज्य सचिव अवधेश कुमार ने कहा कि जिले में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। अपराधियों का मनोबल दिनों दिन बढ़ता जा रहा है। जिला प्रशासन से अविलंब हमलावरों को गिरफ्तार करने की मांग की। इसके उपरांत विधायक अजय कुमार के नेतृत्व में पांच सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मानवजीत सिंह से मिलकर वार्ता की। एसपी के आश्वासन बाद जाम समाप्त किया गया। मौके पर केन्द्रीय कमेटी सदस्य अरुण कुमार मिश्रा, सूर्यकांत पासवान, ललन चौधरी, श्याम भारती, सुरेन्द्र कुमार मुन्ना, अजय कुमार, उमेश कुमार, रामाश्रय महतो, मनोज कुमार, सुनील कुमार, सत्यनारायण सिंह, महेश कुमार, रधुनाथ राय, उपेन्द्र राय, भोला राय समेत काफी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। दो घंटे तक जाम से जूझते रहे लोग, लॉकडाउन नियमों की उड़ी धज्जियां

प्रदर्शनकारियों ने करीब दो घंटे तक स्टेडियम चौराहे को जाम रखा। लॉकडाउन के बीच प्रदर्शनकारियों ने कोविड प्रोटोकॉल की जमकर धज्जियां उड़ाई। शारीरिक दूरी का जरा भी ख्याल नहीं रखा। इधर, करीब दो घंटे तक जाम के कारण शहर की ट्रैफिक व्यवस्था चरमरा गई। समस्तीपुर-दरभंगा मुख्य मार्ग में दोनों ओर वाहनों की कतार लग गई। राहगीरों को काफी कठिनाई का समाना करना पड़ा। विधायक ने दिया नगर थाने में आवेदन, तीन नामजद

माकपा नेता सह विभुतिपुर के विधायक अजय कुमार ने रविवार को नगर थाने में एक आवेदन देकर शिकायत दर्ज कराई है। इसमें मुफस्सिल थाना क्षेत्र के जितवारपुर स्थित सोनेलाल ढाला के सुरेश राय के पुत्र राहुल कुमार, नगर थाना क्षेत्र स्थित कबीर आश्रम परिसर के लालबाबू राय के पुत्र राहुल कुमार उर्फ चुसनी और शेखटोली के मुनाजिर को नामजद किया है। इसके अलावा 15 -20 अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। बताया रात करीब 10.30 बजे कार्यालय में विश्राम कर रहे थे। उक्त लोगों के साथ एक दर्जन से अधिक हथियारबंद बदमाशों ने हमला कर दिया। अंगरक्षक अनिल कुमार ने मोर्चा लेकर बदमाशों को रोकने का प्रयास किया। इस क्रम में उक्त लोगों ने उसे ईंट पत्थर से मारकर घायल कर दिया। इसके बाद बदमाश उनके कमरे की ओर आ रहे थे। इसी बीच दूसरे अंगरक्षक त्रिलोकी कुमार ने तत्परता दिखाते हुए सभी बदमाशों को खदेड़ दिया। बदमाशों ने उनके निजी वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थानीय लोगों को जुटता देख सभी बदमाश पुरब दिशा की ओर भाग निकले। इस दौरान घटनास्थल के पास एक अपाची बाइक छुट गई, जिसे स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया गया।

chat bot
आपका साथी