श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के बीच मना छठ महापर्व

जिले के रोसड़ा में उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही आस्था का महापर्व रोसड़ा में श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 14 Nov 2018 06:52 PM (IST) Updated:Wed, 14 Nov 2018 06:52 PM (IST)
श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के बीच मना छठ महापर्व
श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के बीच मना छठ महापर्व

समस्तीपुर । जिले के रोसड़ा में उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य देने के साथ ही आस्था का महापर्व रोसड़ा में श्रद्धा, भक्ति व उत्साह के बीच सम्पन्न हुआ। सभी छठ घाटों पर व्रतियों के साथ-साथ श्रद्धालुओं का सैलाव उमड़ा था। चकाचौंध रौशनी के बीच सभी स्थानों पर हर्षोल्लास का माहौल कायम रहा। हलांकि शहर के घाटों पर प्रशासनिक व्यवस्था भी चाक-चौबंद देखी गई। एसडीओ अमन कुमार सुमन एवं एसडीपीओ अजीत कुमार स्वयं गंडक नदी के तट पर स्थिति विभिन्न घाटों का लगातार जायजा ले रहे थे। वहीं बीडीओ महताब अंसारी एवं सीओ नरेन्द्र कुमार गोताखोरों के साथ नाव पर गश्त लगा रहे थे। जबकि पुलिस बल के साथ प्रतिनियुक्त दंडाधिकारी के बीच थानाध्यक्ष एचएन ¨सह भी भ्रमणशील थे। शहर के सीढ़ी घाट, गोला घाट एवं सूर्य मंदिर घाट पर सर्वाधिक भीड़ का नजारा था। वहीं ग्रामीण क्षेत्रों में भी हर्षोल्लास के साथ छठ महापर्व का व्रत सम्पन्न हुआ।

नदी के बीच स्थापित भगवान सूर्य बने आकर्षण का केन्द्र

बूढ़ी गंडक नदी के गोला घाट के सामने बीच धार में स्थापित भगवान सूर्य की प्रतिमा श्रद्धालुओं के लिए आकर्षण का केन्द्र बना रहा। गंडकीनाथ पूजा समिति के सदस्यों द्वारा अथक प्रयास कर नदी के बीच धार में स्थापित की गई भगवान सूर्य की प्रतिमा देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। सभी घाटों से लोग प्रतिमा का दर्शन करने गोला घाट पहुंच रहे थे। समिति के सदस्यों ने बताया कि अन्य वर्ष मंदिर के निकट प्रतिमा स्थापित की जाती थी। लेकिन समिति द्वारा स्थानीय लोगों के सहयोग से प्रतिमा को नदी के बीचोबीच स्थापित किया गया है।

रोसड़ा जेल में भी गुंजा छठी मईया की गीत

आस्था का यह महापर्व उपकारा रोसड़ा में भी पूर्ण श्रद्धा, भक्ति व हर्षोल्लास के बीच विधि विधान के साथ सम्पन्न हुआ। कारा परिसर के अंदर ही बने पोखरा को कारा प्रशासन के सहयोग से बंदियों द्वारा बेहतर सजाया-संवारा गया था। रंग-बिरंगे बल्बों व कागजों के साथ-साथ केला पौधा एवं विभिन्न रंगों से सजा छठ पोखर में चार बंदियों ने अस्ताचलगामी व उदीयमान सूर्य को अ‌र्घ्य अर्पित किया। व्रती बंदियों में शामिल जितेन्द्र साह, अनिल सहनी, पवन मंडल एवं प्रमोद शर्मा ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। मौके पर सहायक काराधीक्षक अरूण कुमार एवं सभी कर्मी पूजा को ले लगातार तत्पर थे।

chat bot
आपका साथी