आवारा पशुओं से किसानों को मिलेगी मुक्ति : मंत्री

सहरसा। बिहार सरकार के वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कह

By JagranEdited By: Publish:Sun, 28 Feb 2021 07:40 PM (IST) Updated:Sun, 28 Feb 2021 07:40 PM (IST)
आवारा पशुओं से किसानों  को मिलेगी मुक्ति : मंत्री
आवारा पशुओं से किसानों को मिलेगी मुक्ति : मंत्री

सहरसा। बिहार सरकार के वन, पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री नीरज कुमार सिंह बबलू ने कहा कि राज्यभर में अवारा पशुओं के कारण किसानों को हो रही परेशानी से शीघ्र मुक्ति दिलाई जाएगी।

फसलों को क्षति से बचाने के लिए बंदरों को पकड़कर एक जगह रखा जाएगा। इसके लिए मंकी पार्क बनेगा, जहां बंदरों के भोजन के लिए बड़े पैमाने पर फलों के पौधे लगाए जाएंगे और यह बच्चों के देखने-घूमने का एक महत्वपूर्ण केंद्र भी बनेगा। उक्त बातें उन्होंने रविवार को सहरसा कला भवन में अपने अभिनंदन समारोह को संबोधित करते हुए कही। पूर्व विधायक संजीव झा द्वारा बंदरों के उत्पात को ले उठाई गई मांग पर जबाव देते हुए मंत्री ने कहा कि न सिर्फ बंदरों की समस्या से किसानों को निजात दिलाई जाएगी, बल्कि नीलगाय को भी मारने के बजाय अब उसे पकड़कर नसबंदी करने और जंगल में छोड़ने का आदेश दिया गया है, ताकि इसका वंशवृद्धि नहीं हो। मंत्री ने कहा कि सरकार ने कोसी क्षेत्र के पांच- पांच लोगों को मंत्री बनाया है। इसलिए राज्य के विकास के साथ इस क्षेत्र का भी सम्यक विकास होगा। युवाओं को मंत्री पद दिए जाने के पीछे सरकार का कुछ खास मकसद है। हमलोग युवाओं की पीड़ा को भी समझते हैं और इलाके के बेरोजगारी दूर करने के लिए वे सभी मंत्री मिलकर भरपूर प्रयास करेंगे। मंत्री ने कहा कि वे छातापुर से जीतते हैं, इसलिए वहां की उनपर विशेष जिम्मेवारी है, परंतु वे सहरसा में जटिल हो चुकी कई समस्याओं को अपने साथी मंत्री के सहयोग से इसी कार्यकाल में दूर करने की कोशिश करेंगे। उन्होंने जलवायु परिवर्तन के लिए बिहार में पांच करोड़ पौधा लगाए जाने की घोषणा करते हुए आमलोगों से पॉलिथीन का प्रयोग नहीं करने और पर्यावरण संरक्षण में सहयोग की अपील की। इससे पूर्व स्थानीय विधायक सह कला संस्कृति मंत्री डॉ. आलोक रंजन ने अपने क्षेत्र और सहरसा की जनता की ओर से मंत्री नीरज कुमार बबलू और लोजपा से भाजपा में आई विधान पार्षद नूतन सिंह का अभिनंदन किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय नेतृत्व की सूझबूझ के कारण इस इलाके में कई मंत्री बनाए गए, इससे लगता है कि बिहार के विकास की रफ्तार में कोसी का भी कायाकल्प होगा। विजय वसंत और रोशन सिंह धोनी के संचालन में विधान पार्षद नूतन सिंह ने अपने पति मंत्री नीरज कुमार बबलू का अभिनंदन करते हुए कहा कि आपलोगों के आशीष से वे मौत के मुंह के निकलकर आए है। इसलिए पूरी ईमानदारी से क्षेत्र की सेवा करेंगे। इस मौके पर पूर्व विधायक संजीव कुमार झा, सुरेंद्र यादव, भाजपा जिलाध्यक्ष दिवाकर सिंह, जदयू जिलाध्यक्ष चंद्रदेव मुखिया, प्रदेश भाजपा नेत्री लाजवंती झा समेत बड़ी संख्या में एनडीए के नेतागण मौजूद रहे।

chat bot
आपका साथी