रोहतास में 50 किसानों को दिया गया मृदा स्वास्थ्य कार्ड

बिक्रमगंज कृषि विज्ञान केंद्र में रविवार को मृदा दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ जिसमें जिले के सौ कृषकों ने भाग लिया।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 05 Dec 2021 11:02 PM (IST) Updated:Sun, 05 Dec 2021 11:02 PM (IST)
रोहतास में 50 किसानों को दिया गया मृदा स्वास्थ्य कार्ड
रोहतास में 50 किसानों को दिया गया मृदा स्वास्थ्य कार्ड

रोहतास। बिक्रमगंज कृषि विज्ञान केंद्र में रविवार को मृदा दिवस पर कार्यक्रम का आयोजन हुआ, जिसमें जिले के सौ कृषकों ने भाग लिया। कार्यक्रम का उद्घाटन प्रभारी वरीय वैज्ञानिक सह केविके प्रधान आरके जलज ने किया।

उन्होंने कहा कि रोहतास जिले की मिट्टी बहुत उपजाऊ है। इसका उपजाऊपन बरकरार रखने के लिए किसानों को आज के समय में कई तरह के उपाय अपनाने होंगे। इसके लिए खेतों में धान के पुआल को नहीं जलाने की सलाह दी गई। कहा कि इससे मृदा की उत्पादकता में बहुत ज्यादा ह्रास होता है। फसल अवशेषों को कुछ मात्रा में खेत की मिट्टी में मिलाना अति आवश्यक है।

मृदा वैज्ञानिक डा. रामाकांत सिंह ने बताया की पौधों की बढ़वार के लिए मिट्टी में 17 पोषक तत्वों की आवश्यकता पड़ती है। इसकी उपलब्धता को बनाए रखने के लिए मृदा स्वास्थ्य का प्रबंधन सभी किसानों को करना चाहिए। वैज्ञानिकों द्वारा अनुशंसित मात्रा में रसायनिक उर्वरकों का प्रयोग एवं साथ में जैविक उर्वरकों तथा फसल अवशेषों को मिट्टी में मिला कर प्रबंधन करना चाहिए। इससे मृदा का स्वास्थ्य बनेगा और फसल उत्पादन लाभदायक हो पाएगी। मृदा में आवश्यकता अनुसार ही रासायनिक दवाओं का प्रयोग करें एवं दवा के डब्बे पर लिखे हुए मात्रा का अनुपालन करें। मृदा स्वास्थ्य को बनाए रखने के लिए आवश्यक जीवाणु को मिट्टी में बनाए रखा जाए।

कृषि वैज्ञानिक डा. रतन कुमार ने मृदा का महत्व बताते हुए कहा की जैविक खादों का प्रयोग किसानों को सब्जी के फसलों में जरूर करना चाहिए। फलदार वृक्षों में प्रत्येक वर्ष फल तूड़ाई के बाद मिट्टी में जैविक खादों का इस्तेमाल करने से फलन क्षमता बढ़ जाती है एवं गुणवत्ता भी बढ़ जाती है। इस अवसर पर 50 कृषकों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड भी बांटा गया और आगे लगाने वाली फसलों में खाद एवं उर्वरक के व्यवहार की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में प्रवीण कुमार, वर्षा कुमारी, हरेंद्र प्रसाद शर्मा, सुबेश कुमार, राकेश कुमार, किसान यशवंत सिंह, कमलेश कुमार, सूरज सिंह, नरेंद्र पासवान, रामनरेश पांडेय, अर्जुन सिंह, नीरज कुमार, अरविद पांडेय, छोटेलाल निराला समेत अन्य उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी