पति ने पत्नी को चाकू मार किया जख्मी, फिर जहर खा की आत्महत्या
सासाराम स्थानीय नगर थाना क्षेत्र के तकिया स्थित बढ़ईयाबाग इलाके में शुक्रवार की रात पति और
सासाराम, स्थानीय नगर थाना क्षेत्र के तकिया स्थित बढ़ईयाबाग इलाके में शुक्रवार की रात पति और पत्नी के बीच हुए आपसी विवाद में पति 35 वर्षीय सुनील साह ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। जहर खाने से पहले सुनील ने पत्नी रीना देवी को चाकू मार गंभीर रूप से घायल कर दिया। जख्मी पत्नी का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। दंपती मूल रूप से बक्सर जिला के राजपुर थाना के रामपुर निगरिस गांव के रहने वाले हैं। फिलहाल तकिया स्थित बढ़ईयाबाग मोहल्ले में किराया का मकान लेकर रहते थे। घटना का कारण पति -पत्नी के बीच आर्थिक तंगी को लेकर अक्सर विवाद होना बताया जा रहा है।
जख्मी रीना देवी ने बताया कि दो दिन पूर्व उसका पति गांव से सासाराम लौटा था। आर्थिक तंगी के कारण जीवन यापन करने में कठिनाई हो रही थी। वह अपने पति से हमेशा कुछ काम करने के लिए कहती थी। परिवार को आर्थिक तंगी से उबारने के लिए वह कुछ घरों में चौका बर्तन का काम करती थी। वह लगातार पति से सब्जी का दुकान खोलने के लिए भी कह रही थी। इसी क्रम में शुक्रवार की देर शाम जब वह काम कर अपने घर आई तो उसका पति उसके साथ मारपीट करने लगा। मारपीट के दौरान पति ने हत्या की नीयत से उसे चाकू मार दिया। स्थानीय लोगों के हस्तक्षेप से किसी तरह से उसकी जान बचाई गई। उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। नगर थानाध्यक्ष कामाख्या नारायण सिंह ने बताया कि पत्नी के अस्पताल जाने के बाद पति ने चुपके से जहर खा लिया। जहर खाने के बाद शनिवार की सुबह लोगों ने उसे घर के अंदर मृत स्थिति में देख पुलिस को इसकी सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं घायल पत्नी की गंभीर स्थिति को देखते हुए सदर अस्पताल के चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया है। थानाध्यक्ष ने बताया कि उसके घर वालों को घटना की सूचना दी गई है। वहीं रीना की स्थिति गंभीर देखते हुए उसे किसी उच्च संस्थान में भेजने की व्यवस्था सुनिश्चित कराई जा रही है।